Back

तिरुपति में, राष्ट्रपति के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया

राष्ट्रपति भवन : 01.09.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्‍द ने आज (1 सितंबर, 2017) एस.वी.आर्ट्स कॉलेज ग्राउंड, तिरुपति में उनके लिए आयोजित एक नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने बी.आर. अंबेडकर कौशल प्रशिक्षण अकादमी की आधारशिला भी रखी और स्टैंड-अप इंडिया पहल तथा आंध्र प्रदेश अनुसूचित जाति सहकारी वित्त निगम की भूमि खरीद योजना के के लाभार्थियों को मंजूरी पत्र भी प्रदान किए।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने कहा कि आंध्र प्रदेश की जनता और इसका इतिहास प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। यह प्रदेश महापुरुषों और महान उपलब्धियों की भूमि है। प्राचीन काल में सातवाहन साम्राज्य से लेकर टी प्रकाशम, जिन्हें हम सम्मान के साथ ‘आंध्र केसरी’ के रूप में याद करते हैं, जैसे लोगों के नेतृत्व तक इस क्षेत्र ने देश को बहुत कुछ दिया है। हाल के समय में,आंध्र प्रदेश को दो दूरदर्शी राजनेताओं स्वर्गीय मुख्यमंत्री, श्री टी. रामाराव और हमारे पूर्व प्रधान मंत्री, श्री पी.वी. नरसिम्हा राव को जन्म देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। पिछले कुछ वर्षों में आंध्र प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियां भारत के परिवर्तन का प्रतिबिंब रही हैं। फिर भी, परंतु जैसे-जैसे हम आगे बढ़ें, हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह प्रगति यात्रा केवल कुछ लोगों के लिए न होकर सबके लिए हो।

राष्ट्रपति ने कहा कि तिरुपति में अंबेडकर कौशल और प्रशिक्षण अकादमी की योजना एक आधुनिक उत्कृष्ट संस्थान के रूप में की गई है। यह एक ऐसा विश्व स्तरीय रोजगार-परक केन्द्र बनेगा,जो पिछड़े समुदायों के युवाओं पर विशेष ध्यान देगा। यहां उन्हें ऐसे कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनसे उन्हें सरकारी और निजी संगठनों में रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘स्टैंड अप इंडिया’ एक बहुत महत्वपूर्ण पहल है क्योंकि यह गरीब लोगों को रोजगार-सर्जक बनने का अवसर प्रदान करती है। आंध्र प्रदेश में उद्यमशीलता समाज की रग-रग में व्याप्त है। युवाओं की इसी ऊर्जा को‘स्टैंड-अप इंडिया’पहल में सही दिशा में ले जाने की मंशा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आंध्र प्रदेश अनुसूचित जाति सहकारी वित्त निगम की भूमि खरीद योजना के अंतर्गत पारंपरिक रूप से पिछड़े समुदायों की महिला सदस्यों को कृषि भूमि मुहैया करवाई जाती है। इससे आय अर्जित करने की महिलाओं की क्षमता बढ़ती है और भू-स्वामित्व के रूप में उन्हें ठोस आर्थिक संपदा प्राप्त होती है। इससे वे, सामाजिक रूप से और परिवार के अंदर भी सशक्त बनती हैं।

इस अवसर पर, उपस्थित गणमान्य लोगों में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हनऔर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू शामिल थे।

दिन की शुरुआत में, राष्ट्रपति श्री वेंकटेश्वर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज गए जिसमें श्री पद्मावती मेडिकल कॉलेज फॉर वीमेन स्थित है और वहां उन्होंने एक अस्पताल के एक नए भवन का उद्घाटन किया।

यह विज्ञप्ति 1810 बजे जारी की गई।