Back

भारत के राष्ट्रपति ने नागालैंड के हॉर्नबिल महोत्सव और राज्य स्थापना दिवस का उद्घाटन किया

राष्ट्रपति भवन : 01.12.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (01 दिसंबर, 2017) किसामा में नागालैंड के हॉर्नबिल महोत्सव और राज्य स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने कहा कि हॉर्नबिल महोत्सव संगीत, नृत्य और खानपान के रूप में वर्षों से सहेजी गई नागा संस्कृति और परंपराओं का श्रेष्ठ प्रदर्शन है। किसामा में हॉर्नबिल महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संगीत महोत्सव नागा समाज की विविधता को दर्शाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि विगत अर्ध शताब्दी के दौरान नागालैंड की उपलब्धियों और कठिनाइयों भरी रही है। राज्य की जनता को अनेक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, परंतु उनकी मूलभूत प्रतिभा और प्रज्ञा तथा उनकी सज्जनता बरकरार रही है। आज नागालैंड इतिहास निर्माण के मुकाम पर है। उग्रवाद के अनेक वर्षों के बाद, आशा बनी है। राज्य के लोगों, नागरिक समाज की संस्थाओं और सभी भागीदारों के सहयोग से स्थायी शांति का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के लिए न्याय संगत तथा सभी की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने वाला समझौता शीघ्र हो जाएगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि नागालैंड के युवा देश के गौरव हैं। वे डॉक्टर-खिलाड़ी, डॉ. टी.आओ के सच्चे वारिस हैं जो स्वतंत्रता के बाद हमारी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के प्रथम कप्तान थे और उन्होंने 1948 के लंदन ओलंपिक में टीम का नेतृत्व किया। नागालैंड के युवा शेष भारत के लिए आदर्श हैं। इस राज्य की विख्यात सुपुत्री, तेम्सुतुला इमसोंग ने वाराणसी में गंगा नदी के घाटों की शानदार सफाई का कार्य किया है। एक और नागा बालिका चिवेलाऊ थेले को दिल्ली पुलिस के धिकारियों के बैच में सर्वोत्तम प्रशिक्षु कमांडो घोषित किया गया है। सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर के रूप में, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें नागा सैनिकों और अधिकारियों पर अत्यंत गर्व है। वे हमारे सर्वोत्तम लोगों में शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि नागालैंड में योगदान देने की बहुत क्षमता है। राज्य की मजबूती, जैविक कृषि उत्पाद, फूल और फल हैं। नागालैंड में दुर्लभ चिकित्सीय पौधे और जड़ी-बूटियां हैं जिनसे रोजगार पैदा करने और अर्थव्यवस्था को तेज करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने नागा जलोकिया जिसे स्थानीय रूप से किंग चिल्ली कहते हैं, जो विश्व की एक सबसे तीखी मिर्च है, का उल्लेख किया और कहा कि हमें विश्व के एक सबसे ज्यादा बिकने वाले सॉस के रूप में इसे बोतल में बेचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागालैंड में विरासत और संस्कृति तथा शानदार प्राकृतिक सौंदर्य का अद्वितीय मिश्रण प्रस्तुत करने वाला एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनने की भी क्षमता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा देश महान प्रगति कर रहा है और यह विश्व की तीव्रतम बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। हम एक विविध राष्ट्र भी हैं। हमारी भाषायी, जातीयता, पंथीय और भौगोलिक विविधता ने भारत को विशेष बना दिया है और यह हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। एक भारतीय के रूप में और नागा के रूप में भी यह एक सुखद समय है। नागालैंड और पूर्वोत्तर भारतीय गाथा की धुरी है। नागालैंड के विकास के बिना भारत का विकास अधूरा है।

यह विज्ञप्ति 1330 बजे जारी की गई