Back

जॉर्जिया के राष्ट्रपति ने भारत के राष्ट्रपति से टेलीफोन पर चर्चा की

राष्ट्रपति भवन : 03.06.2020

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से जॉर्जिया की महामहिम राष्ट्रपति, सुश्री सालोमी ज़ुराबिसविली ने आज (3 जून, 2020) टेलीफोन पर बात की।

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत जॉर्जिया के साथ अपने गर्मजोशी भरे और मैत्रीपूर्ण संबंधों को महत्व देता है। दोनों देशों को व्यापारिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपने संबंधों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रशिक्षण और क्षमता-निर्माण के क्षेत्र में जॉर्जिया के साथ अपने सहयोग को बढ़ाना भारत के लिए प्रसन्नता की बात है।

COVID-19 वैश्विक महामारी से दुनिया के सामने आ रही चुनौतियों और दुनिया भर में जन-जीवन के समक्ष आई रुकावट को ध्यान में रखते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि COVID-19 के प्रसार की स्थिति को देखते हुए जॉर्जिया द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए गए प्रयास सराहनीय हैं। राष्ट्रपति ने जॉर्जिया की राष्ट्रपति को बताया कि भारत ने COVID-19 के प्रसार को रोकने के लिए भरसक प्रयास किए हैं और हम इसमें काफी हद तक सफल भी रहे हैं। COVID-19 वैश्विक महामारी के विरुद्ध किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को एकजुट करने में भारत आगे-आगे रहा है और हमने चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति के रूप में 150 से अधिक देशों की सहायता की है। दोनों ही नेता इस बात पर सहमत थे कि आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के लिए वैश्विक समुदाय को सामूहिक प्रयास करने होंगे।

जॉर्जिया में बड़ी संख्या में भारतीय विद्यार्थियों जिनमें से अधिकतर विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए, राष्ट्रपति ने जॉर्जिया की सरकार को उन्हें स्वदेश लौटने में जार्जिया सरकार के सहयोग के लिए और जॉर्जिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के हित में कार्य करने के लिए धन्यवाद दिया।