Back

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के 120वें प्रवेश प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 03.08.2018

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के 120वें प्रवेश प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे और भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्‍नत राज्‍य सिविल सेवा अधिकारियों के एक समूह ने आज (3 अगस्त, 2018) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्‍द से भेंट की।

सिविल सेवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं ने देश के विकास और हमारी अर्थव्यवस्था की प्रगति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्र निर्माण में इन सेवाओं के योगदान पर कोई संदेह नहीं कर सकता। परंतु हमें यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी समीक्षा स्‍वयं करनी चाहिए कि हमारी सिविल सेवाओं में लगातार सुधार होता रहे।

राष्ट्रपति ने कहा कि जनसेवकों के रूप में सिविल सेवा अधिकारियों को अपने व्यक्तिगत आचरण में आदर्श उपस्थित करना चाहिए। उनके पेशेवर आचरण में ईमानदारी और निष्ठा, विनम्रता और भारत की विविधता और हमारे समाज के प्रति संवेदनशीलता से कोई समझौता नहीं हो सकता।

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी अधिकारी भारत के लोगों के लिए कार्य करते हैं। फिर भी कुछ लोगों को दूसरों से अधिक सरकारी सहयोग की आवश्यकता होती है। सिविल सेवा अधिकारियों को हमारे उन नागरिकों की सेवा में अपनी ऊर्जा लगानी होगी जो आर्थिक रुप से कमजोर, सामाजिक रूप से उपेक्षित और राजनीतिक रूप से निर्बल हैं। इन वर्गों पर सबसे अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

यह विज्ञप्ति 1215 बजे जारी की गई।