Back

आर्मेनिया के राष्ट्रपति ने, राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 03.11.2017

आर्मेनिया के गणराज्य के महामहिम राष्ट्रपति श्री सर्ज सर्गस्यान ने आज (03 नवम्बर, 2017) को राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

भारत की अपनी पहली यात्रा पर, आर्मेनियाई राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने आर्मेनिया की राष्ट्रपति प्रणाली से संसदीय प्रणाली में सफलतापूर्वक बदलने के लिए उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति ने वर्ल्ड फूड इंडिया समारोह में उपस्थिति के लिए श्री सर्गस्यान का धन्यवाद किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्मेनिया के साथ हमारे बहुत विशेष संबंध हैं। हमारे हार्दिक और मैत्रीपूर्ण रिश्ते इतिहास में रचे बसे हैं। सदियों से हमारे लोग एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। हमें कोलकाता, चेन्नई और भारत के अन्य शहरों के अपने आर्मेनियाई भाइयों और बहनों के साथ मिलकर रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। हमें इस साझी विरासत पर बहुत गर्व है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंध मजबूत हैं। तथापि हमारे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को बढ़ाने की अभी गुंजायश है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यात्रा से भारत-आर्मेनिया रिश्तों में नई गति आएगी।

राष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त की कि येरेवान स्टेट लिंग्विस्टिक यूनिवर्सिटी में एक हिन्दी पीठ है। उन्होंने कहा कि आर्मेनियन स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल कल्चर एंड स्पोर्ट्स जल्द ही एक योगपीठ स्थापित करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से भारत व आर्मेनिया के सांस्कृतिक संबंध और मजबूत बनेंगे।

यह विज्ञप्ति 1730 बजे जारी की गई