Back

लातविया के प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 03.11.2017

लातविया गणराज्य के महामहिम प्रधान मंत्री, श्री मारिस कुसिंकिस ने आज (03 नवम्बर, 2017) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

भारत में लातवियाई प्रधान मंत्री का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी यात्रा ऐतिहासिक है क्योंकि यह किसी भी लातवियाई प्रधान मंत्री की पहली भारत यात्रा है। यह ऐसे समय में हो रही है जब हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 25 वर्ष मना रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और लातविया के द्विपक्षीय संबंध हार्दिक और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। हमें अपने आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। हम वर्ल्ड फूड इंडिया, 2017 समारोह में लातविया की भागीदारी की उन्मुक्त सराहना करते हैं। लातविया ने कृषि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में मजबूती हासिल की है तथा वर्ल्ड फूड इंडिया में लातवियाई कंपनियों की भागीदारी से दोनों पक्षों को लाभ होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार ने भारत निर्माण, स्मार्ट सिटीज, डिजीटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे कार्यक्रम आरंभ किए हैं जिससे लातवियाई कंपनियों को अवसर प्राप्त होंगे। लातविया, भारतीय उद्योग विशेषकर आईटी और दवा निर्माण क्षेत्रों से भी फायदा उठा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि हम लातविया के साथ अपने सुदृढ़ सांस्कृतिक संबंधों और परस्पर ज्ञान संपर्क को अत्यंत महत्व देते हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि लातविया विश्वविद्यालय में स्थापित ‘सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज एंड कल्चर’ योग और हिन्दी को बढ़ावा दे रहा है। उन्हें खुशी हुई कि हरिद्वार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय में बाल्टिक संस्कृति और अध्ययन का नया केंद्र खोला गया है। उन्होंने कहा कि इससे भारत और बल्टिक क्षेत्र के बीच सांस्कृतिक और शैक्षिक संपर्क और घनिष्ठ होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि लातविया के प्रधान मंत्री कल मुंबई में लातविया के ऑनरेरी कॉन्सुलेट का उद्घाटन करेंगे तथा बैठकों में भाग लेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इनसे हमारे द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।

यह विज्ञप्ति 1900 बजे जारी की गई