Back

भारत के राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तीकरण पुरस्कार प्रदान किए

राष्ट्रपति भवन : 03.12.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (03 दिसंबर, 2017) नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तीकरण पुरस्कार प्रदान किए।

जनसमूह को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि देश का भविष्य, देश के नागरिकों के सशक्तीकरण पर निर्भर है। इस लक्ष्य के लिए, हमें एक ऐसे समाज का निर्माण करना होगा जो पूरी तरह संवेदनशील हो और जहां समरसता का प्रवाह हो। एक ऐसा समाज, जहां प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को सशक्त महसूस कर सके। एक ऐसा समाज जहां किसी एक का दर्द या पीड़ा, सबको समान रूप से महसूस हो।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा संविधान दिव्यांग सहित सभी देशवासियों को समानता, न्याय और गरिमा की गारंटी देता है। सरकार ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और राष्ट्र की मुख्यधारा में उनके समावेशन के लिए कानून बनाए हैं। किसी भी दिव्यांग व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी शारीरिक योग्यता से नहीं बल्कि उसकी बौद्धिकता, ज्ञान और साहस के द्वारा किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और कहा कि उन्हें आशा है कि वे नए शिखर छूने के प्रयास करने के लिए अन्य दिव्यांगजन को भी प्रेरित करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हमारे देश के नागरिक हमारे दिव्यांग भारतीयों के प्रति उपयुक्त और संवेदनशील दृष्टिकोण युक्त समावेशी नए भारत का निर्माण करेंगे।

यह विज्ञप्ति 1225 बजे जारी की गई