Back

अगले सप्ताह से राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और ‘चेंज ऑफ़ गार्ड’ समारोह जनता के लिए पुनः खोले जाएंगे

राष्ट्रपति भवन : 04.03.2022

कोविड-19 के कारण 1 जनवरी, 2022 से जनता के लिए बंद किए गए राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर के भ्रमण के साथ-साथ ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह अगले सप्ताह से जनता के लिए पुनः खोल दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर 8 मार्च, 2022 (मंगलवार) से जनता के दर्शनार्थ खोल दिया जाएगा। यह, राजपत्रित अवकाश को छोड़कर मंगलवार से रविवार (सप्ताह में छह दिन) तक खुला रहेगा। संग्रहालय में प्रति स्लॉट 50 आगंतुकों की अधिकतम सीमा के साथ चार स्‍लॉट में पहले से बुकिंग कराई जा सकेगी। स्लॉट का समय 0930 - 1100 बजे, 1130 - 1300 बजे, 1330 - 1500 बजे और 1530 - 1700 बजे का होगा।

राष्ट्रपति भवन का भ्रमण 12 मार्च, 2022 से उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक शनिवार और रविवार को (राजपत्रित अवकाश को छोड़कर) 1030 - 1130 बजे, 1230 - 1330 बजे, और 1430 - 1530 बजे के तीन स्लॉट पहले से बुकिंग कराने के लिए उपलब्‍ध होंगे। प्रति स्लॉट 25 आगंतुकों की अधिकतम सीमा रखी गई है। नव विकसित आरोग्य वनम् भी राष्ट्रपति भवन के भ्रमण का हिस्सा होगा।

चेंज ऑफ गार्ड समारोह का आयोजन 12 मार्च, 2022 से प्रत्येक शनिवार (राजपत्रित अवकाश को छोड़कर) 0800 बजे से 0900 बजे तक किया जाएगा।

राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह के लिए https://rashtrapatisachivalaya.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन स्लॉट बुक किया जा सकता है।