Back

राष्ट्रपति प्रवासी समुदाय के साथ निरंतर संबंध चाहते हैं, उन्होंने इथियोपिया के समुदाय से कहा कि सरकार उनका ध्यान रखती है

राष्ट्रपति भवन : 05.10.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने कल (04 अक्तूबर, 2017) इथियोपिया में भारत के राजदूत, श्री अनुराग श्रीवास्तव द्वारा अदीस अबाबा में आयोजित भारतीय समुदाय के एक समारोह को संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि इथियोपिया में भारतीय समुदाय भारत-इथियोपिया संबंधों का केंद्र रहा है। शिक्षकों और शिक्षाविदों के रूप में, उन्होंने अपने मेजबान देश के निर्माण में मदद की है। उद्यमियों के रूप में, उन्होंने स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक अवसर पैदा किए हैं और उन्हें कौशल प्रदान किए हैं। तकनीकी पेशेवरों और कामगारों के रूप में उन्होंने इथियोपियाई उद्योग को महत्वपूर्ण बनाया है। परिश्रम और समर्पण के द्वारा भारतीय समुदाय ने इथियोपियाई समाज में सम्मान हासिल किया है और इस सबके बावजूद इसने अपनाए हुए घर में खुद को भली-भांति ढालते हुए भारतीय मूल्यों, पारिवारिक परंपराओं और कार्य नैतिकता को कायम रखा है और उन्हें आगे बढ़ाया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की तरह इथियोपिया अनेक भाषाओं और खानपान, संगीत नृत्य और नाटक वाला देश है। यहां के भारतीय समुदाय को स्थानीय उदारवादी संस्कृति का लाभ उठाना चाहिए तथा हमारी अपनी सांस्कृतिक विविधता को कामय रखना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इथियोपिया दोनों में विशाल युवा जनसंख्या है। युवा भविष्य हैं और उनसे ही नए विचार आएंगे। उन्होंने भारतीय समुदाय से इथियोपिया के युवाओं के साथ जुड़ने के लिए विशेष प्रयास करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें एक बेहतर विश्व के लिए समाधान चाहे वह जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करना हो अथवा लोगों को कुशल बनाना हो, के लिए अपने विचार प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार प्रवासी भारतीय समुदाय का ध्यान रखती है और उसने उनके साथ बने रहने का वादा पूरा किया है। उन्होंने यमन (2015 के ऑपरेशन राहत के भाग के रूप में) तथा लीबिया से भारतीय नागरिकों को हटाने तथा हाल ही में संयुक्त राज्य के हिस्सों में बाढ़ के दौरान व्यक्तियों और परिवारों की मदद करने के प्रयासों का उल्लेख किया।

अदीस अबाबा के समारोह में इथियोपिया के भारतीय समुदाय के लगभग 500 सदस्यों ने भाग लिया। भारतीय समुदाय पूरे देश में फैला हुआ है और इसकी संख्या 5,000 है।

राष्ट्रपति कोविन्द की इथियोपिया की यात्रा आज भी जारी रही।

यह विज्ञप्ति 1045 बजे जारी की गई