Back

भारत के राष्ट्रपति ने बल्गारिया के प्रधान मंत्री से भेंट की; मजबूत द्विपक्षीय कारोबार संबंधों की जरूरत बताई; सोफिया में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया

राष्ट्रपति भवन : 06.09.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्‍द ने आज (6 सितंबर, 2018) सोफिया में बल्गारिया के प्रधान मंत्री श्री बोयको बोरिस्‍सोव से भेंट की। विचार-विमर्श के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि बोरिस्‍सोव के नेतृत्व में बल्गारिया ने एक राष्ट्र के रूप में सराहनीय प्रगति की है। उन्होंने जनवरी से जून 2018 तक यूरोपीय संघ की क्रमावर्ती अध्यक्षता के सफल संचालन के लिए भी उन्हें बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत बल्गारिया के साथ अपने आर्थिक संबंधों में भारी बढ़ोत्‍तरी के लिए उत्सुक है। बल्गारिया अन्‍य क्षेत्रों के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी, औषध निर्माण, प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण आदि क्षेत्रों में अच्‍छा प्रदर्शन कर रहा है। ये ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें बल्गारिया में संयुक्त उद्यम लगाने और निवेश करने में भारतीय कंपनियों को गहरी दिलचस्पी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा प्रतिरक्षा सहयोग लंबे समय से चलता आ रहा है। भारत बल्गारिया के तकनीकी ज्ञान और प्रौद्योगिकी से लाभ उठाने का इच्‍छुक है। भारत चाहता है कि बल्गारियाई कंपनियां हमारे ‘मेक इन इंडिया कार्यक्रम’ के भाग के रूप में आकर विनिर्माण करें।

शाम को राष्ट्रपति ने बल्गारिया के राष्ट्रपति के साथ साउथ पार्क, सोफिया में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर, अपने उद्बोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि बल्‍गारिया के विशेष दिन अर्थात् उनके राष्ट्रीय एकता दिवस पर बल्गारिया में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्‍थापित करने के लिए वे बल्गारिया के लोगों के प्रति आभारी हैं। यह कार्य, मानवता की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महापुरुष के प्रति एक सार्थक श्रद्धांजलि है। तनाव, अविवेकपूर्ण हिंसा और अनियंत्रित विध्वंस की वर्तमान परिस्थितियों में गांधी जी के विचार और मूल्य पहले से अधिक प्रासंगिक हैं।

बल्गारिया की अपनी यात्रा संपन्‍न करते हुए राष्ट्रपति, तीन यूरोपीय राष्ट्रों-साइप्रस, बल्‍गारिया और चेक गणराज्य की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में चेक गणराज्य के लिए रवाना हो गए।

कल (5 सितंबर, 2018) राष्ट्रपति नेसोफिया में बल्गारिया-भारत कारोबार मंच को संबोधित किया।

उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच स्‍वाभाविक मेल है और हमें अपने परस्पर लाभ के लिए इस मेल का लाभ उठाना चाहिए। बल्गारियाई कंपनियां भारतीय अर्थव्यवस्था की उच्‍च विकास गति का फायदा उठा सकती हैं। और भारतीय कंपनियां घरेलू बाजार तथा व्यापक यूरोपीय संघ अर्थव्यवस्था-दोनों के लिए बल्गारिया में साझेदारियां विकसित कर सकते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा द्विपक्षीय व्यापार अभी 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर ही है। यह अपनी क्षमता से काफी कम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि हम एक दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं में और अधिक रूचि दिखाएं तो मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं।

उसी शाम को (5 सितंबर, 2018) बाद में राष्ट्रपति ने बल्गारिया के राष्ट्रपति, श्री रूमेन रादेव द्वारा उनके सम्मान में आयोजित एक राज-भोज में भाग लिया। राज-भोज में अपने उद्बोधन में, राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे संबंधों का भविष्य हमारे युवाओं के हाथों में है। हमें अपने युवाओं को एक दूसरे के साथ जोड़ना चाहिए। बल्गारियाई फुटबाल सितारे, दीमितर बरबातोव ने भारत के अनेक फुटबॉल प्रेमियों को प्रेरित किया है और अब सिनेमा के जादू और बल्गेरियाई पर्वतों की खूबसूरती की पृष्‍ठभूमि में हम आपस में पहले से कहीं ज्‍यादा नजदीक आ रहे हैं।

यह विज्ञप्ति 1430 बजे जारी की गई।