Back

भारत के राष्ट्रपति ने ‘स्वच्छ महोत्सव 2019’ में भाग लिया

राष्ट्रपति भवन : 06.09.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (6 सितंबर, 2019) नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ महोत्सव 2019’ समारोह में भाग लिया और सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने विभिन्न श्रेणियों में ‘स्वच्छ भारत पुरस्कार’ प्रदान किए। उन्होंने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री, श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से ‘बिहेवियर चेंज कम्युनिकेशन’ पर लिखी स्वच्छ भारत मिशन की पुस्तक भी प्राप्त की; श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने औपचारिक रूप से इस पुस्तक का लोकार्पण किया।

सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह अभियान केवल सरकार का अभियान न होकर, हर भारतवासी का अभियान बन गया है। स्वच्छता के काम को हर किसी ने अपनी ज़िम्मेदारी समझकर निभाया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित किए गए विभिन्न Sustainable Development Goals को सन 2030 तक हासिल किया जाना है। लेकिन,भारत 11 वर्ष पहले यानि 2019 में ही स्वच्छता से जुड़े लक्ष्य प्राप्त करने वाला है। यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए देश के सभी नागरिक बधाई के पात्र हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि स्वच्छता अभियान द्वारा हमारे समाज में एक नई चेतना का संचार हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता अभियान में पहले चरण की सफलता को मजबूत बनाते हुए अगले चरण के लक्ष्य प्राप्त करने हैं। हमें स्वच्छता अभियान के पहले चरण में स्थापित की गई सुविधाओं के रख-रखाव पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वच्छता की संस्कृति को सभी देशवासियों द्वारा और भी गहराई से आत्मसात किया जाना होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि स्वच्छता के व्यापक अर्थ को अपनाते हुए हमें आगे बढ़ना होगा। उदाहरण के लिए पीने का साफ पानी उपलब्ध कराना भी स्वच्छता के दायरे में आता है। भारत सरकार द्वारा इसी वर्ष शुरू किए गए ‘जल-जीवन मिशन’ की सफलता के लिए भी स्वच्छता एक अनिवार्य शर्त है।