Back

भारत के राष्ट्रपति रायगढ़ किले पहुंचे और वहां उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए

राष्ट्रपति भवन : 06.12.2021

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द आज (6 दिसंबर, 2021) महाराष्ट्र के रायगढ़ किले पहुंचे और वहां उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की समाधि पर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

राष्ट्रपति ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें शिवाजी महाराज की समाधि के समक्ष श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए तीर्थ-यात्रा की तरह है।

राष्ट्रपति ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के कुशल नेतृत्व में इस पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा। राष्ट्र गौरव की, भारतीयता की भावना का फिर से उदय हुआ। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज के विराट चरित्र का 19वीं सदी की महत्वपूर्ण संस्कृत रचना ‘शिवराज विजय:’में बहुत प्रभावशाली वर्णन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का आज की विभिन्न प्रचलित भारतीय भाषाओं में अनुवाद हो ताकि हमारे देशवासी, विशेषकर युवापीढ़ी, शिवाजी महाराज के विशाल व्यक्तित्व और अनुपम कृतित्व से परिचित हो सकें।

राष्ट्रपति ने कहा कि छत्रपति शिवाजी की सोच भविष्योन्मुखी थी। उन्होंने आठ मंत्रियों के अपने मंत्रि परिषद जिसे ‘अष्टप्रधान’ भी कहा जाता था, के सहयोग से दूरगामी प्रभाव वाले अनेक निर्णय लिए। उन्होंने बताया कि भारत की पहली आधुनिक नौसेना का निर्माण छत्रपति शिवाजी ने ही किया।