Back

राष्ट्रपति कोविन्द ताजिकिस्तान पहुंचे; भारतीय समुदाय को सम्‍बोधित किया; उन्‍होंने कहा कि हमारा प्रवासी समुदाय भारत के अंतरराष्ट्रीय संपर्क विस्‍तार में प्रमुख भागीदार है

राष्ट्रपति भवन : 07.10.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्‍द आज दोपहर (7 अक्टूबर, 2018) तीन दिवसीय यात्रा पर ताजिकिस्तान पहुंचे। बाद में शाम को, उन्होंने दुशान्बे में, ताजिकिस्तान में भारत के राजदूत श्री सोमनाथ घोष द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया।

उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़ने के लिए भारतीय सरकार की व्‍यवस्‍था में बड़ा बदलाव किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में भारत और उसके प्रवासी समुदाय के बीच भावनात्मक, सांस्कृतिक, आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत हुए हैं। मिशनों को निर्देश दिया गया है कि वे जरूरत के समय प्रवासी समुदाय के सदस्यों की तुरंत मदद करें।

"फ्रेंड्स ऑफ इण्डिया इन ताजिकिस्तान" के सहयोगियों को संबोधित करते हुए,राष्ट्रपति ने उन्हें आश्वासन दिया कि भारत क्षमता निर्माण और विकास में ताजिकिस्तान को अपना सहयोग देना जारी रखेगा। उन्होंने ताजिकिस्तान के भारतविदों के कार्य की सराहना की। उन्होंने याद दिलाया कि शिक्षा और साहित्य में भारतविद् प्रोफेसर हबीबुल्लो रजाबोव के योगदान के लिए इस वर्ष उन्‍हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

यह विज्ञप्ति 2115 बजे जारी की गई।