Back

श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने भारत के राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 08.02.2020

श्रीलंका लोकतांत्रिक समाजवादी गणराज्य के प्रधानमंत्री, श्री महिन्द्रा राजपक्षे ने आज (8 फरवरी, 2020) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से मुलाकात की।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री का भारत में स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि हम इस बात पर दृढ़ता से विश्वास करते हैं कि भारत का विकास अपने पड़ोसी देशों की शांति और समृद्धि से जुड़ा हुआ है। भारत का सर्वोत्तम हित इसी में है कि श्रीलंका में स्थायित्व और समृद्धि हो। उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका के द्विपक्षीय संबंधों के आर्थिक स्तंभ को मजबूत करने के लिए भारत सदा तत्पर रहा है। हमारे पारस्परिक विकास और समृद्धि के लिए बहुत कुछ हासिल किया जाना शेष है।

राष्ट्रपति कोविन्द ने पिछले साल श्रीलंका में ईस्टर के अवसर पर हुए आतंकी हमलों की कड़ी निंदा की। दोनों राजनेताओं ने आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष करने और उसे परास्त करने के अपने संकल्प को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।