Back

कोरिया गणराज्य के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 08.03.2018

कोरिया गणराज्य की राष्ट्रीय असेंबली के सभापति श्री चुंग सीई क्युन के नेतृत्व में कोरिया गणराज्य के एक संसदीय प्रतिनिधि मंडल ने आज (8 मार्च, 2018) भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया लोकतांत्रिक मूल्य और एक साझा आर्थिक दृष्टिकोण रखने वाले देश हैं। हमारे सामरिक हितों में एक विशिष्ट समरूपता भी है।

राष्ट्रपति ने दक्षिण कोरिया के शुरुआती दिनों में कठिन आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद हासिल की गई उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने उस दृढ़ संकल्प की सराहना की जिसके साथ दक्षिण कोरिया की जनता और उनके नेतृत्व ने देश के विकास के लिए काम किया है।

राष्ट्रपति यह जानकर खुश थे कि दक्षिण कोरियाई निवेशक भारत को एक निवेश गंतव्य के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले हफ्ते आयोजित दूसरे भारत-दक्षिण कोरिया बिजनेस समिट में शीर्ष कोरियाई कंपनियों की बड़ी भागीदारी इस बात की गवाही है। तेजी से औद्योगीकरण के अपने प्रयासों में भारत दक्षिण कोरिया को एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखता है। हम भारत ‘मेक इन इंडिया’, स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया जैसी हमारी प्रमुख परियोजनाओं में दक्षिण कोरिया की भागीदारी की उम्मीद करते हैं।

यह विज्ञप्ति 1400 बजे जारी की गई।