Back

सेशल्स के राष्ट्रीय सदन में विपक्ष के नेता ने भारत के राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 09.01.2018

सेशल्स के राष्ट्रीय सदन में विपक्ष के माननीय नेता वेवल रामकलावन ने आज (9 जनवरी, 2018 ) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

राष्ट्रपति ने, बातचीत के दौरान, कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई है कि श्री वेवल रामकलावन प्रवासी भारतीय संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें आशा है कि प्रवासी भारतीय संसदीय सम्मेलन के माध्यम से, हम विदेश में बसे विशाल भारतीय समुदाय तक पहुंच सकते हैं। इससे हमें विश्व भर में भारतवंशी सांसदों के साथ जुड़ने का एक मंच उपलब्ध होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और सेशल्स के हार्दिक और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हमारे मैत्री संबंध इतिहास में रचे-बसे हैं। दृढ़ जन संपर्क और सांस्कृतिक रिश्ते हमारे संबंधों का आधार हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री रामकलावन की भारत यात्रा से दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे।

यह विज्ञप्ति 1800 बजे जारी की गई