Back

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार 2019’ के विजेताओं की घोषणा की गई

राष्ट्रपति भवन : 09.09.2019

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा आज (09 सितंबर, 2019) ‘कुलाध्यक्ष अवार्ड 2019’ के विजेताओं की घोषणा की गई है। इस वर्ष ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ - मानविकी, कला और सामाजिक विज्ञान; भौतिक विज्ञान; एवं जीव विज्ञान - तथा प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में अनुसन्धान के लिए प्रदान किये जाएंगे।

पांडिचेरी विश्वविद्यालय के अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग के प्रोफेसर सिबनाथ देब को बाल संरक्षण, विशेष रूप से बाल शोषण और उपेक्षा, छात्र के मानसिक स्वास्थ्य और एचआईवी/एड्स के क्षेत्र में उनके शोध के लिए, मानविकी, कला और सामाजिक विज्ञान में अनुसन्धान के लिए ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान संकाय के प्रोफेसर संजय पुरी को ‘गैर साम्य-सांख्यिकीय भौतिकी’ और ‘अरैखिक गतिकी’ के क्षेत्र में उनके शोध के लिए, भौतिक विज्ञान में अनुसंधान का ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।

एएमआर के प्रसार और नियंत्रण के सूक्ष्मजीवीरोधी प्रतिरोधक की पहचान के लिए, इंटर-डिसिप्लिनरी जैव-प्रौद्योगिकी इकाई, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर असद उल्लाह खां और नैनोबायो सेंसर तथा नैनोबायो इंटरेक्शन, विशेष रूप से नैनो मटिरियल्स बेस बायो सेंसिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए प्रारंभिक चरण में कैंसर के निदान के लिए किए गए शोध हेतु ‘स्पेशल सेंटर फॉर नैनोसाइंस’, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की डॉ. प्रतिमा को संयुक्त रूप से जीव विज्ञान में शोध का ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।

डेयरी अपशिष्ट जल के जैव उर्वरक में रूपान्तरण के लिए माइक्रोबियल बायोफिल्म रिएक्टर’ के विकास के लिए माइक्रो बायोलॉजी विभाग, त्रिपुरा विश्वविद्यालय की डॉ. शाओन राय चौधरी को प्रौद्योगिकी विकास के ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित किए जाने वाले समारोह में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द द्वारा ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार 2019’ प्रदान किए जाएंगे, तारीख की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।

पुरस्कार विजेताओं के चयन हेतु, प्रत्येक श्रेणी के लिए सभी केन्द्रीय विश्वविद्यालयों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। राष्ट्रपति के सचिव, श्री संजय कोठारी की अध्यक्षता में विशिष्ट व्यक्तियों और शिक्षाविदों को शामिल करते हुए चयन समिति बनाई गई जिसने एक उप-समिति की सहायता से चयन किए।

केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने और उत्कृष्टता की खोज में दुनिया भर से सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने हेतु प्रेरित करने के लिए 2014 में ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ आरम्भ किए गए। तब से, राष्ट्रपति प्रतिवर्ष विभिन्न श्रेणियों में ‘कुलाध्यक्ष पुरस्कार’ प्रदान करते आ रहे हैं।