Back

डेनमार्क की प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 09.10.2021

भारत की राजकीय यात्रा पर पधारी, डेनमार्क किंगडम की महामहिम प्रधान मंत्री, सुश्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने आज (9 अक्टूबर, 2021) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की। कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद से, डेनमार्क किंगडम की प्रधान मंत्री, किसी सरकार की ऐसी पहली प्रमुख हैं जिनसे राष्ट्रपति ने भेंट की है।

भारत में प्रधान मंत्री और उनके पति का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और डेनमार्क की मैत्री चिरस्थायी रही है और हमारे घनिष्ठ तथा मैत्रीपूर्ण संबंध इतिहास के साथ-साथ साझा जीवन-मूल्यों और आकांक्षाओं से पुष्ट होते रहे रहे हैं। भारत और डेनमार्क के बीच हाल ही में आरम्भ की गई ‘हरित रणनीतिक साझेदारी’ से हमारे संबंधों को और भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यापार और निवेश के क्षेत्र में, भारत और डेनमार्क के बीच सुदृढ़ रिश्ते बने हुए हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि डेनमार्क के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र पहले से ही ‘मेक इन इंडिया’, ‘जल जीवन मिशन’, ‘स्मार्ट सिटीज’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्ट-अप इंडिया’, ‘स्वच्छ भारत’, ‘स्वच्छ गंगा’ जैसे प्रमुख राष्ट्रीय मिशनों को आगे बढ़ाने में भारत के अनेक राज्यों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।

राष्ट्रपति ने डेनमार्क किंगडम की महारानी, महामहिम ​​मार्गरेट-द्वितीय को अगले वर्ष भारत आने का निमंत्रण दिया। आने वाले वर्ष में महारानी के शासनकाल की स्वर्ण जयंती और भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के महत्वपूर्ण अवसर के मिलाप का स्मरणीय संयोग भी है। उन्होंने कहा कि 1963 में क्राउन प्रिंसेस के रूप में डेनमार्क की महारानी महामहिम मार्गरेट-द्वितीय की भारत यात्रा को भारत में अभी भी उत्साहपूर्वक याद किया जाता है।

भारत में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान महामहिम महारानी, डेनमार्क सरकार और वहां के लोगों द्वारा दिखाई गई एकजुटता के लिए राष्ट्रपति ने उन्हें धन्यवाद दिया।