Back

भारत के राष्ट्रपति ने लक्ष्मीपत सिंघानिया-आईआईएम लखनऊ ‘राष्ट्रीय नेतृत्व पुरस्कार 2018’ प्रदान किए

राष्ट्रपति भवन : 09.12.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (9 दिसंबर, 2019) नई दिल्ली में लक्ष्मीपत सिंघानिया-आईआईएम लखनऊ ‘राष्ट्रीय नेतृत्व पुरस्कार 2018’ प्रदान किए।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से, भारत ने राष्ट्रीय जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में शानदार प्रगति की है। अर्थव्यवस्था से लेकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी तक, स्वास्थ्य-चर्या से लेकर शिक्षा तक, महिला सशक्तीकरण से लेकर सामाजिक न्याय तक-सभी क्षेत्रों में हमने प्रभूत प्रगति की है। दुनिया ने हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं, आर्थिक शक्ति, वैज्ञानिक कौशल, संस्कृति और विविधता का लोहा माना है। फिर भी, हमारे समक्ष अभी ऐसी बड़ी चुनौतियां मौजूद हैं, जिन पर ध्यान दिये जाने की आवश्यकता है। हमें सामूहिक रूप से जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं का समाधान खोजने, समावेशी विकास के लिए कठोर प्रयास करने, उद्यमशीलता की संस्कृति विकसित करने, अपने प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करने और समाज के सर्वाधिक कमजोर वर्गों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। ये कोई साधारण चुनौतियां नहीं हैं, लेकिन हमने अपने मानकों को ऊंचा रखने का संकल्प दर्शाया है। विभिन्न क्षेत्रों में सही नेतृत्व के बल पर, हम किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि हम, अपने देश के भविष्य के लिए जिस बुनियाद का निर्माण करने जा रहे हैं, वह ‘नेतृत्व’ के धरातल पर टिकी होगी। हमारे देश के युवा अपने सामाजिक जीवन में और अपने द्वारा चुने जाने वाले पेशे में अग्रणी बनें इसके लिए हमें उन्हें प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है। हम किस प्रकार से ऐसे बेहतर नेता तैयार करें जो कल देश को आगे बढ़ाएंगे। इस प्रश्न का एक ही उत्तर हो सकता है- शिक्षा। यहीं से आईआईएम, लखनऊ जैसे संस्थानों की अहम भूमिका शुरू होती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा के अलावा, हम विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ अनुकरणीय व्यक्तियों की मिसाल पेश करके भविष्य के नेता तैयार करते हैं। ‘लक्ष्मीपत सिंघानिया-आईआईएम लखनऊ राष्ट्रीय नेतृत्व पुरस्कार’ का उद्देश्य भी यही है। आज के पुरस्कार उन लोगों को दिए गए हैं जिनमें उत्कृष्टता के लिए जुनून था और उन्होंने ऐसी राह पर आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति दिखाई जिस ओर कम ही लोग जा सके हैं। ऐसा करके, उन्होंने हमारे जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में सफलता प्राप्त की है।