Back

फ्रांस के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 10.03.2018

फ्रांस गणराज्य के महामहिम राष्ट्रपति, श्री इमेनुएल माक्रोन ने आज (10 मार्च, 2018) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

फ्रांस के राष्ट्रपति के भारत आगमन पर उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत फ्रांस के साथ अपनी कार्यनीतिक साझीदारी को उच्च प्राथमिकता देता है। हमारी पारंपरिक मैत्री शानदार द्विपक्षीय सद्भावना और परस्पर सम्मान में मजबूती से रची-बसी है। लोकतंत्र,स्वतंत्रता,समानता और भाईचारे के हमारे साझे मूल्य हमें और नजदीक ले आते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि फ्रांस के साथ भारत के कार्यनीतिक संबंध रक्षा, अंतरिक्ष और शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा के पारंपरिक क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि आतंकवाद-रोधी और समुद्री एवं साइबर सुरक्षा के उभरते हुए क्षेत्रों में भी बढ़ रहे हैं। हमारा आर्थिक सहयोग सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। परंतु हम और बेहतर काम कर सकते हैं। लगभग 11 बिलियन डॉलर का हमारा द्विपक्षीय व्यापार, हमारी क्षमता से काफी कम है। हमें अपनी व्यापार गतिविधियों को विविध बनाना होगा और व्यापार में तेजी लाने के नए रास्ते खोजने होंगे। राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि 1000के करीब फ्रांसीसी कंपनियों ने भारत में निवेश किया है। उन्होंने कहा कि हम इस निवेश को महत्वपूर्ण मानते हैं और फ्रांस को प्रोत्साहित करना चाहेंगे कि वह ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’,और‘डिजिटल इंडिया’जैसी अग्रणी पहलों से जुड़े।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन के खिलाफ विश्व लड़ाई में फ्रांस के प्रयासों की सराहना करता है। दोनों देश इस प्रयास में एक साथ खड़े हैं। कल हम अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन का सह-आयोजन कर रहे हैं तथा संस्थापन सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति की उपस्थिति से हमारी जलवायु साझेदारी नए शिखर छुएगी। राष्ट्रपति कोविन्द ने आशा व्यक्त की कि यह गठबंधन किफायती और स्वच्छ ऊर्जा में मौजूद अंतराल को पाटने में विश्व अपनी छाप छोड़ने में कामयाब होगा।

यह विज्ञप्ति 1740 बजे जारी की गई