Back

श्रीलंका के संसदीय शिष्टमंडल ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 10.09.2018

श्रीलंकाई संसद के अध्यक्ष, श्री कारू जयसूर्या के नेतृत्व में श्रीलंका के संसदीय शिष्टमंडल ने आज (10 सितंबर, 2018) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्‍द से भेंट की।

भारत में शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत का विकास और दक्षिण एशियाई क्षेत्र की समृद्धि आपस में जुड़ी हुई है। श्रीलंका भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति का एक विशेष और अहम हिस्सा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ रही प्रमुख अर्थव्यवस्था है। इसमें श्रीलंका के विकास और प्रगति की भी प्रचुर संभावनाएं मौजूद हैं। श्रीलंका भारत में उपलब्‍ध विशाल बाजार से लाभ उठा सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत श्रीलंका के साथ सुदृढ़ विकासात्मक साझेदारी करके सम्मानित महसूस करता है। यह साझेदारी शिक्षा, संस्कृति, कौशल विकास, आजीविका सहायता और स्वच्छता सहित सभी क्षेत्रों में विद्यमान है।

यह विज्ञप्ति 1815 बजे जारी की गई।