Back

भारत के राष्ट्रपति ने आर्मी एविएशन कोर को ध्वज प्रदान किया

राष्ट्रपति भवन : 10.10.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री रामनाथ कोविन्‍द ने आज (10 अक्टूबर, 2019) नासिक में आर्मी एविएशन कोर को ध्‍वज प्रदान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि आर्मी एविएशन कोर ने उत्कृष्ट वीरता और विशिष्‍ट सेवा के लिए 273 सम्मान और पुरस्कार अर्जित किए हैं। इससे कोर के सैनिकों के असाधारण शौर्य तथा उच्च मनोबल का पता चलता है और यह हमारे सशस्त्र बलों के सैनिकों तथा अधिकारियों के लिए एक आदर्श है। वे भारत से बाहर, सोमालिया और कांगो गणराज्य जैसे देशों में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना मिशनों में अपनी सेवाएं देते समय हमारे देश के उत्तम राजदूत की भूमिका निभाते रहे हैं।

राष्ट्रपति ने आर्मी एविएशन कोर के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके बलिदान और पराक्रम से हमने अपनी संप्रभुता की रक्षा की है तथा अपने राष्‍ट्र को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि आर्मी एविएशन कोर के सदस्यों ने दुनिया के कुछ सर्वाधिक दुर्गम क्षेत्रों और प्रतिकूल जलवायु वाली परिस्थितियों में एक शक्ति पुंज के रूप में कार्य किया है । भारतीय सेना और राष्ट्र को उन पर गर्व है।

इसके बाद, राष्‍ट्रपति स्‍कूल ऑफ आर्टिलरी, देवलाली गए और वहां गोलंदाजों के साथ चर्चा की।