Back

भारत के राष्ट्रपति ने आईएनएस शिवाजी को 'ध्वज' प्रदान किया

राष्ट्रपति भवन : 13.02.2020

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (13 फरवरी, 2020) लोनावाला, महाराष्ट्र में आईएनएस शिवाजी को ‘ध्वज’ प्रदान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि आईएनएस शिवाजी ने वर्षों से देश की उत्कृष्ट सेवा करते हुए अपने लिए विशिष्ट स्थान बनाया है। इसकी पेशेवर उत्कृष्टता का शानदार रिकॉर्ड रहा है और इसने अपने दायित्वों का निर्वहन गौरवशाली तरीके से किया है। अपने समर्पण और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के लिए राष्ट्र इसे सलाम करता है। आईएनएस शिवाजी की उपलब्धियों पर हम सभी को गर्व है और हम भारतीय नौसेना में इसके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि किसी राष्ट्र के समुद्री हित, आमतौर पर इसकी अर्थव्यवस्था और इसके लोगों की भलाई से भी जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे व्यापार की कुल मात्रा का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा समुद्री मार्गों से संचालित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वास्तविकता को देखते हुए न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के सन्दर्भ में बल्कि आर्थिक सुरक्षा के मामले में भी भारतीय नौसेना की भूमिका बढ़ जाती है, और इस प्रकार राष्ट्र निर्माण की व्यापक प्रक्रिया में भारतीय नौसेना की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि एक अग्रणी शक्ति के रूप में, भारत अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, व्यापार और वाणिज्य के संबंध में वैश्विक प्रतिमान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य में भारत के उत्थान में, हमारे सशस्त्र बलों की क्षमता और शौर्य सहित कई कारकों से नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईएनएस शिवाजी अपने पेशेवर रवैये और पूरी दक्षता के साथ अपनी भूमिका और उतरदायित्व का निर्वहन करते हुए अपने कद में बढ़ोतरी और उपलब्धियों में उत्कृष्टता हासिल करना जारी रखेगा।