Back

वियतनाम की उप-राष्ट्रपति ने भारत के राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 13.02.2020

वियतनाम समाजवादी गणराज्य की उप-राष्ट्रपति, श्रीमती डांग थी नोक थिन्ह ने आज (13 फरवरी, 2020) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से मुलाकात की।

वियतनाम की उपराष्ट्रपति का भारत में स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच सम्बन्ध प्राचीन काल से सांस्कृतिक संबंधों का समृद्ध इतिहास रहा है। आज, भारत और वियतनाम के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। वियतनाम के साथ मजबूत विकास सहयोग साझेदारी को भारत सम्‍मान की नज़र से देखता है। अपने प्रमुख तकनीकी और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से भारत वियतनाम में बेहतर क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना चाहता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ में और ‘भारत-प्रशांत दृष्टिकोण’ में भी वियतनाम भारत के लिए महत्वपूर्ण देश है। ‘आसियान’ के साथ भारत के जुड़ाव में भी वियतनाम एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने आसियान की अध्यक्षता के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य बनने पर वियतनाम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपनी वैश्विक साझेदारी को मजबूती प्रदान करने के लिए भारत वियतनाम के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर है।