Back

राष्ट्रपति ने कहा, भारत बेलारूस के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने के प्रति वचनबद्ध है

राष्ट्रपति भवन : 13.09.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द कल (12 सितंबर, 2017) बेलारूस गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री एलेक्जैण्डर लुकाशेनको का राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में एक राजभोज का भी अयोजन किया।

बेलारूस के राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की उनकी यात्रा का विशेष महत्व है क्योंकि वर्ष 2017भारत और बेलारूस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना का रजत जयंती वर्ष है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और बेलारूस के द्विपक्षीय व्यापार को विविधतापूर्ण बनाने का एक वृहद अवसर है। भारत बेलारूस के साथ अपने व्यापार और निवेश साझेदारी को सुदृढ़ बनाने के लिए उत्सुक है। मेक इन इंडिया कार्यक्रम ने रक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों की कंपनियों को अवसर उपलब्ध करवाए हैं। बेलारूस पोटाश का एक बड़ा स्रोत है और भारत को इस क्षेत्र में साझेदारी की उम्मीद है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र, परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय जैसे अनेक बहुपक्षीय मंचों पर बेलारूस के समर्थन की सराहना करता है। भारत बेलारूस के साथ अपने संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के प्रति वचनबद्ध है।

तदंतर,राष्ट्रपति कोविन्द ने अपने राजभोज अभिभाषण में कहा कि हमारी द्विपक्षीय साझेदारी, सद्भावना और मैत्री पर आधारित रही है;हमारे संबंध भविष्य में भी बेहतर दिखाई दे रहे हैं। दोनों राष्ट्रों की एक जैसी विश्व संकल्पना है इसलिए भारत और बेलारूस सभी राष्ट्रों की संप्रभुता,क्षेत्रीय अखण्डता और एकता का सम्मान चाहते हैं। हम दोनों विश्व में शांति और स्थिरता का समर्थन करते हैं और विवादों और संघर्षों का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं। दोनों देश आतंकवाद के सभी रूपों की और उसे ज़ाहिर करने के हर तरीके की भी घोर निंदा करते हैं।

यह विज्ञप्ति 1040 बजे जारी की गई