Back

राष्ट्रपति ने भारतीय पुलिस सेवा के प्रक्षिणार्थियों से कहा आपका कर्तव्य हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधि शासन को कायम रखना है

राष्ट्रपति भवन : 13.11.2017

सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के भारतीय पुलिस सेवा के 69 आरआर (2016 बैच) के अधिकारी प्रशिक्षणार्थियों के एक समूह ने आज (13 नवम्बर, 2017) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

अधिकारी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा हमारी प्रशासनिक प्रणाली का एक स्तंभ है। अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों के रूप में आप निःसंदेह न केवल अलग-अलग राज्यों में कार्य करते हैं बल्कि एक राष्ट्रीय विचार का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। आपका कर्तव्य हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधि शासन को कायम रखना है। इस प्रकार आप न केवल लोक व्यवस्था और ईमानदार आचरण बल्कि विधि स्थापना के संरक्षक भी हैं। राष्ट्रपति ने अधिकारियों से कहा कि वे निडर और निष्पक्ष तथा अविलंब अपना कर्तव्य निभाएं। उन्होंने कहा कि पेशेवर सिविल सेवकों के रूप में उन्हें राजनीतिक कार्यपालिका को ईमानदार और निष्पक्ष सलाह देने से नहीं डरना चाहिए। आपकी पवित्र पुस्तक और निरंतर मार्गदर्शक संविधान होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस कार्य के लिए प्रौद्योगिकी चुनौती और उपाय दोनों हैं। यद्यपि प्रौद्योगिकी से अपराधों की संभावनाएं बढ़ती हैं परंतु यह अधिक कुशलता के साथ अपना कर्तव्य निभाने में पुलिस की मदद करती है। इससे नागरिक पुलिस बल के साथ संवाद कर सकता है और अपनी सुविधा से अपने घर से कंप्यूटर या मोबाइल फोन द्वारा शिकायत भी दर्ज कर सकता है। उन्होंने अधिकारी प्रशिक्षणार्थियों से इस प्रक्रिया को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक आदर्श पुलिस प्रणाली वह है जहां नागरिक पुलिस चौकी जाए बिना पुलिस की सेवा प्राप्त कर सके।

यह विज्ञप्ति 1240 बजे जारी की गई