Back

भारत के राष्ट्रपति ने टोक्यो ओलंपिक 2020 के प्रतिभागी भारतीय दल के लिए ‘जलपान’ का आयोजन किया

राष्ट्रपति भवन : 14.08.2021

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (14 अगस्त, 2021) राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केन्द्र में टोक्यो ओलंपिक 2020 के प्रतिभागी भारतीय दल के लिए ‘जलपान'का आयोजन किया। इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति, श्री एम. वेंकैया नायडू भी उपस्थित थे।

टोक्यो ओलंपिक 2020 के प्रतिभागी भारतीय दल के साथ चर्चा के दौरान, राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र को प्रतिष्ठा दिलाने के लिए पूरे देश को उन पर गर्व है। इस टीम ने ओलंपिक में अब तक की हमारी भागीदारी के इतिहास में सर्वाधिक पदक अर्जित किए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियों से युवाओं को खेलों में भाग लेने की प्रेरणा मिली है,इसके साथ ही अभिभावकों में भी खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण निर्मित हुआ है।

राष्ट्रपति ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन न केवल उपलब्धियों के मामले में, बल्कि संभावनाओं के मामले में भी उत्कृष्ट रहा। अधिकांश खिलाड़ी अपने खेल करियर के शुरूआती दौर में हैं। जिस भावना और कौशल के साथ इन सभी ने टोक्योमें प्रदर्शन किया है, उससे स्पष्ट है किआने वाले समय में खेल की दुनिया में भारत की प्रभावशाली उपस्थिति होगी।

राष्ट्रपति ने पूरे भारतीय दल को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ, परिजनों और शुभचिंतकों द्वारा निभाई गई भूमिका की भी सराहना की।