Back

राष्ट्रपति कोविन्द ने भारत के राष्ट्रपति के रूप में आज पहली बार अपने ‘गृह राज्य’ उत्तर प्रदेश की यात्रा की।

राष्ट्रपति भवन : 14.09.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (14 सितंबर, 2017) भारत के राष्ट्रपति के रूप में पहली बार अपने ‘गृह राज्य’ उत्तर प्रदेश की यात्रा की। उन्होंने राज्य की अपनी यात्रा लखनऊ में डॉ. अंबेडकर महासभा (अस्थि कलश) में श्रद्धांजलि अर्पित करके आरंभ की।

दोपहर के बाद, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, श्री राम नाईक; उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, श्री योगी आदित्यनाथ; उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शार्मा; उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, श्री हृदय नारायण दीक्षित और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में लखनऊ में राष्ट्रपति का एक नागरिक समारोह में अभिनंदन किया गया।

नागरिक समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद यह उत्तर प्रदेश की उनकी पहली यात्रा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का ‘हृदय’ है। धर्म, संस्कृति, साहित्य, कला और राजनीति की प्रमुख धाराएं इसी राज्य से निकलीं। बौद्ध और मुस्लिम परंपराओं को अयोध्या, मथुरा, काशी, चित्रकूट, सारनाथ और फतेहपुर सीकरी इत्यादि में स्थान प्राप्त हुआ।

राष्ट्रपति ने कहा कि मदन मोहन मालवीय, आचार्य नरेंद्र देव, पुरुषोत्तम दास टंडन, दीन दयाल उपाध्याय, जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, अटल बिहारी वाजपेयी और चौधरी चरण सिंह सहित उत्तर प्रदेश के महान राजनेताओं ने हमारे राष्ट्रीय जीवन को एक नई दिशा दी। 22 करोड़ की जनसंख्या वाला यह राज्य अपार अवसर प्रस्तुत करता है और इसमें भारत के भविष्य को तय करने की क्षमता है।

यह विज्ञप्ति 2030 बजे जारी की गई