Back

भारत के राष्ट्रपति ने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद के 14वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति भवन : 15.12.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (15 दिसम्बर, 2017) इलाहाबाद में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद के 14वें दीक्षांत समारोह में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने इस तथ्य पर खुशी व्यक्त की कि 2007 से संस्थान को, राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के प्रतिभावान विद्यार्थी देश और विदेश में प्रभावशाली योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान को विश्व के सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी संस्थानों की पंक्ति में शामिल कराने का लक्ष्य होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा हमारे देश की आधारशिला है। सच्ची शिक्षा के द्वारा बौद्धिकता और कुशलता के साथ-साथ, नैतिकता और चरित्र का निर्माण ही हमें समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों के लिए जागरूक बनाता है। सही मायने में, यही राष्ट्र निर्माण में शिक्षा का वास्तविक योगदान है।

राष्ट्रपति ने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और ज्ञान को सामान्य जीवन के साथ जोड़कर देखेंगे तो एक संतुलित और उपयोगी तरीके से अपना विकास कर सकेंगे तथा समाज में भी अपना योगदान दे सकेंगे। उन्होंने परामर्श दिया कि मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान को अपने परिवेश से जुड़ी समस्याओं के व्यापक समाधान ढूंढ़ने में मदद करनी चाहिए। उदाहरण के लिए, इसके विद्यार्थी तकनीकी सुझावों के जरिए नमामि गंगे अभियान में योगदान दे सकते हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने एक उद्यमिता कक्ष की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य रोजगार सृजक तैयार करना है।

यह विज्ञप्ति 1845 बजे जारी की गई