Back

राष्ट्रपति ने कहा, वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह हमारी भावी पीढि़यों के लिए एक सजीव गाथा बने रहेंगे

राष्ट्रपति भवन : 17.09.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने मार्शल अर्जन सिंह के सुपुत्र, श्री अरविंद सिंह को शोक संवेदनाएं भेजी हैं।

अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा है, ‘मुझे भारतीय वायु सेना के एक महान मार्शल और उत्साही वायु योद्धा अर्जन सिंह, डीएफसी के निधन के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ है।

भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह, द्वितीय विश्व युद्ध के नायक थे और उन्होंने 1965 के युद्ध में अपने सैन्य नेतृत्व के लिए राष्ट्र की सराहना अर्जित की। उन्होंने राष्ट्र की उत्कृष्ट सेवा की और वह भारतीय वायु सेना के एकमात्र अधिकारी थे जिन्हें वायु सेना के मार्शल के रूप में फाइव स्टार रैंक से सम्मानित किया गया।

वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह हमारी भावी पीढि़यों के लिए एक सजीव गाथा बने रहेंगे। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा दिल्ली के उपराज्यपाल, स्वीट्जरलैंड और वेटिकन में भारत के राजदूत, केन्या में उच्चायुक्त और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य के रूप में जारी रही। उनकी सेवाओं और उपलब्धियों के लिए उन्हें पद्म विभूषण सहित अनगिनत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

कृपया मेरी हार्दिक शोक संवेदनाएं स्वीकार करें और उन्हें अपने परिवार और भारतीय वायु सेना समुदाय के अन्य सदस्यों को प्रेषित कर दें। मैं सर्वशक्तिमान ईश्वर से आपको और आपके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। राष्ट्र आपके साथ शोकाकुल है।’

यह विज्ञप्ति 1310 बजे जारी की गई