Back

राष्ट्रपति ने मॉलदीव के राष्ट्रपति का स्वागत किया; कहा कि भारत लोकतांत्रिक, स्थिर और ख़ुशहाल मॉलदीव का समर्थन करता है

राष्ट्रपति भवन : 17.12.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री रामनाथ कोविन्द ने आज (17 दिसंबर, 2018) राष्ट्रपति भवन में मॉलदीव गणराज्य के महामहिम राष्ट्रपति, श्री इब्राहिम मोहम्मद सोलिह का स्वागत किया।उन्होंने उनके सम्मान में एक राजभोज भी आयोजित किया।

मालदीव के राष्ट्रपति का भारत में स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि पदभार ग्रहण करने के एक माह के भीतर, उन्होंने मॉलदीव के राष्ट्रपति के रूप में अपनी प्रथम राजकीय यात्रा के लिए भारत को चुनाl इससे हमारे विशेष संबंधों और गहरी मित्रता का पता चलता हैlराष्ट्रपति ने कहा कि भारत मॉलदीव के साथ अपने संबंधों को सर्वोच्च महत्ता देता है।एक राष्ट्र के रूप में मालदीव हमेशा अपनी प्रगति में एक मजबूत साझेदार के रूप में भारत पर भरोसा कर सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ ही, हमें वैश्विक मुद्दों पर हमारी भागीदारी को भी बढ़ाना होगा।जलवायु परिवर्तन की ओर तत्काल ध्यान दिए जाने और कार्रवाई किये जाने की आवश्यकता है।हम, विशेष रूप से मॉलदीव और ऐसे ही अन्य छोटे द्वीपीय देशों पर पड़ने वाले इसके दुष्प्रभाव से बहुत चिंतित हैं, जिन पर जलवायु परिवर्तन का खतरा सबसे अधिक है।इंटरनेशनल सोलर अलायन्स के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए भारत आगे आया है।राष्ट्रपति ने मॉलदीव को अलायन्स का सदस्य बनने और इसके प्रयासों को दृढ़तर बनाने के लिए आमंत्रित किया।

इसके बाद, राजभोज के समय अपने भाषण में,राष्ट्रपति कोविन्दने कहा कि भारत लोकतांत्रिक, स्थिर, समृद्ध और शांतिपूर्ण मॉलदीव की कामना करता है।अब जब मॉलदीव की सरकार अपनी जनता द्वारा दिए गए जनादेश को पूरा करने की दिशा में अग्रसर हो रही है, तब एक सच्चे और पक्के दोस्त के तौर पर भारत इस यात्रा में हर संभव सहायता का वचन देता है।

यह विज्ञप्ति 2025 बजे जारी की गई।