Back

भारत के राष्ट्रपति ने वर्ष 2014, 2015 और 2016 के टैगोर सांस्कृतिक सद्भाव सम्मान प्रदान किए

राष्ट्रपति भवन : 18.02.2019

भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (18 फरवरी, 2019) नई दिल्ली में आयोजित समारोह में वर्ष 2014, 2015 और 2016 के लिए सांस्कृतिक सद्भाव हेतु क्रमशः श्री राजकुमार सिंघजीत सिंह, छायानट (बांग्लादेश का एक सांस्कृतिक संगठन) और श्री राम वनजी सुतार को टैगोर सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि चाहे साहित्य हो या संगीत, कला हो या नाटक, मूर्तिकला हो या हस्तशिल्प, डिजाइन हो या डिजिटल कला हो- यह पुरस्कार भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और हमारी सभ्यतागत सम्पदा के सम्मान का उत्सव है। हमारे देश में प्रत्येक क्षेत्र की एक अलग सांस्कृतिक पहचान है। फिर भी, इसका मूल तत्व यही है कि संस्कृति विभाजित नहीं करती – अपितु यह पूरे भारत और पूरी मानवता को एकजुट करने और उनके बीच सामंजस्य स्थापित करने का काम करती है।

पुरस्कार विजेताओं के योगदान का जिक्र करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि श्री राजकुमार सिंघजीत सिंह, मणिपुरी नृत्य के हमारे सबसे बड़े प्रतिपादकों में से एक हैं। उन्होंने मणिपुर की इस सदियों पुरानी कला का सामंजस्य, न केवल आधुनिक संवेदनाओं के साथ बैठाया, बल्कि देश के अन्य हिस्सों के साथ भी। छायानट, एक ऐसा संगठन है, जिसने बांग्लादेश में रबीन्द्रनाथ टैगोर के कार्यों और उनके दर्शन का संवर्धन और संरक्षण किया है। और श्रीराम वनजी सुतार ऐसे मूर्तिकार और विद्वान हैं जो हमारे सुदूर अतीत की हजारों साल पुरानी कला परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन दिनों वह ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के लिए सबसे ज्यादा मशहूर हुए हैं।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संस्कृति मंत्रालय, डॉ. महेश शर्मा शामिल थे।

यह विज्ञप्ति 1315 बजे जारी की गई।