Back

राष्ट्रपति ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति की मेजबानी की; उन्होंने कहा कि भारत की परिवर्तनकारी उन्नति और अर्जेंटीना की क्षमताओं से नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं

राष्ट्रपति भवन : 18.02.2019

भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (18 फरवरी, 2019) राष्ट्रपति भवन में अर्जेंटीना गणराज्य के राष्ट्रपति श्री मौरीसियो माक्री का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में राजभोज का भी आयोजन किया।

राष्ट्रपति माक्री का भारत में स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अर्जेंटीना राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इससे यह यात्रा सही मायने में खास बन जाती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी आर्थिक भागीदारी में बहुत संभावनाएं विद्यमान हैं। लगभग 3 बिलियन अमेरिकी डॉलर के वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार से हमारी वास्तविक क्षमता प्रदर्शित नहीं होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय फार्मा उत्पादों के लिए बाजार में जगह बनाने के लिए भारत अर्जेंटीना की मदद चाहता है। कई भारतीय कंपनियों ने, विशेष रूप से आईटी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में, अर्जेंटीना में निवेश किया है। कृषि दूसरा ऐसा क्षेत्र है, जहाँ हम साथ मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं।

इसके बाद, अपने राजभोज अभिभाषण में, राष्ट्रपति कोविन्द ने कहा कि व्यापार और प्रौद्योगिकी, कृषि और अंटार्कटिक विज्ञान, साइबर स्पेस और उपग्रहों के क्षेत्र में, भारत की परिवर्तनकारी उन्नति और अर्जेंटीना की क्षमताओं से दोनों पक्षों के लिए नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। हमारे दोनों देश वैश्विक प्रशासन में अपने लोगों को अधिक स्थान दिलाने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस सन्दर्भ में, भारत अगले महीने होने वाली "बोयनस आयरेस प्लान ऑफ एक्शन की समीक्षा” में सार्थक योगदान देने के लिए तत्पर है।

यह विज्ञप्ति 2045 बजे जारी की गई।