Back

भारत के राष्ट्रपति ने शिवाजी जयंती पर आयोजित समारोह में भाग लिया

राष्ट्रपति भवन : 19.02.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (19 फरवरी, 2018) नई दिल्ली में शिवाजी जयंती पर अखिल भारतीय शिवाराज्याभिषेक महोत्सव समिति द्वारा आयोजित समारोह में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने दिल्ली में इतने व्यापक स्तर पर यह समारोह आयोजित करने का अखिल भारतीय शिवाराज्याभिषेक महोत्सव समिति को बधाई दी। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि इस समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष रायगढ़ किले में आयोजित ‘शिवाजी राज्याभिषेक महोत्सव' बहुत लोकप्रिय हुआ है। उन्होंने कहा कि शिवाजी के जीवन और उपलब्धियों के बारे में नागरिकों को जानकारी देने के ऐसे प्रयास प्रशंसनीय हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि शिवाजी ने जाति और अन्य पहचान से अलग लोगों को संगठित करने के लिए कार्य किया था। वह जाति व पंथ के किसी भेदभाव के बिना गुणों के आधार पर सैन्य और प्रशासनकि अधिकारी नियुक्त किया करते थे। सुशासन, उदारवादी और न्यायपूर्ण कार्यों तथा लोकहित में प्रयासरत रहने के कारण लोग उनका सम्मान किया करते हैं। इसीलिए हमारे इतिहास और लोक गाथाओं में शिवाजी का अति विशेष स्थान है। सामाजिक लोकतंत्र संबंधी शिवाजी के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।

यह विज्ञप्ति 1900 बजे जारी की गई