Back

वियतनाम के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 19.12.2021

वियतनाम समाजवादी गणराज्य की नेशनल असेंबली के महामहिम अध्यक्ष, श्री वुओंग दिन्ह हुवे के नेतृत्व में, वियतनाम के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आज (19 दिसंबर, 2021) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

भारत में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच अपने समकालीन समय में, नेतृत्व स्तर पर उत्कृष्ट संबंध रहे हैं। हमारे दोनों देशों के लोग महात्मा गांधी और राष्ट्रपति हो ची मिन्ह के आदर्शों को हृदय में संजोए हुए हैं। आज, हमारी द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी में राजनीतिक जुड़ाव से लेकर व्यापार और निवेश संबंधों, ऊर्जा सहयोग, विकास साझेदारी, प्रतिरक्षा तथा सुरक्षा सहयोग और लोगों से लोगों के बीच संबंधों तक का विस्तृत क्षेत्र शामिल है।

2018 में की गई अपनी वियतनाम यात्रा को याद करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने वियतनाम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बौद्ध धर्म आधारित हमारे मजबूत संबंधों सहित, दोनों देशों के बीच हुए प्राचीन सभ्यताकाल में हुए आदान-प्रदान को स्वयं देखा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण आई रुकावटों के बावजूद, भारत और वियतनाम के बीच आर्थिक जुड़ाव की दिशा सकारात्मक बनी हुई है। उन्हें यह जानकर भी प्रसन्नता हुई कि भारत और वियतनाम के बीच रक्षा साझेदारी में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा सहयोग के योगदान से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि का वातावरण विकसित होगा।

बहुपक्षीय मंचों पर भारत और वियतनाम के बीच हुए सहयोग के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य मंचों पर हमारे समन्वित प्रयासों से अधिकांश विकासशील देशों की आवाज़ का महत्‍व बढ़ा। उन्होंने कहा कि भारत और वियतनाम अंतरराष्ट्रीय विधि द्वारा शासित स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण, समृद्ध, समावेशी और नियम-आधारित भारत-प्रशांत क्षेत्र में योगदान करने के लिए ‘आसियान’ के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।