Back

भारत के राष्ट्रपति ने फिलीपींस में भारतीय समुदाय को संबोधित किया; उन्होंने आह्वान किया कि नवाचार, निवेश, अनुसंधान और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं

राष्ट्रपति भवन : 20.10.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द, आज (20 अक्टूबर, 2019) मनीला में, फिलीपींस में भारत के राजदूत श्री जयदीप मजूमदार द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि फिलीपींस में भारतीय समुदाय दशकों से दोनों देशों के बीच मैत्री के बंधन को मजबूत करता रहा है। प्रवासी भारतीयों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। ये सभी लोग, फिलीपींस की अर्थव्यवस्था और समाज में तथा फिलीपींस में भारत और भारतीयों की छवि बनाने में योगदान दे रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘नए भारत’ के निर्माण के हमारे प्रयासों में, हमें प्रवासी भारतीयों के समर्थन और सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने आज के समय में भारत में उपलब्ध नवाचार, निवेश, अनुसंधान और शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान उनसे किया। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’, ‘गंगा संरक्षण परियोजना’, ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘स्मार्ट सिटीज’ और ‘जल जीवन मिशन’ जैसी भारत की अग्रणी पहलों में उनकी साझेदारी की आवश्यकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि फिलीपींस में भारतीय कंपनियों के निवेश और उपस्थिति के संदर्भ में भारत का द्विपक्षीय आर्थिक जुड़ाव बढ़ रहा है। भारत और फिलीपींस के बीच व्यापार लगभग 2.5 बिलियन यूएस डॉलर तक पहुंच गया है। हालांकि, हमारे दोनों देशों की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं के लिए, हमारे द्विपक्षीय व्यापार की मात्रा अभी भी काफी कम है। अभी भी ऐसी बहुत संभावनाएं शेष हैं, जिनका लाभ उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय समुदाय की पहल और उद्यम की सहायता से हम लोग, दोनों देशों की समृद्धि के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं।

आज सुबह, राष्ट्रपति ने शहर के महापौर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मिरियम कॉलेज, कीजन सिटी में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी की यह प्रतिमा भारत के लोगों की ओर से फिलीपींस के लोगों के लिए उपहार है। लेकिन महात्मा गांधी सभी लोगों, सभी संस्कृतियों और सभी समाजों के हैं। मेरी कामना है कि सभी के लिए शांति, सद्भाव और सतत विकास की अपनी साझी यात्रा में हमें उनका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।

कल सुबह (21 अक्टूबर, 2019), राष्ट्रपति, दो देशों की अपनी राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में- जापान के लिए रवाना होंगे।