Back

सात राष्ट्रों के राजनयिकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति के समक्ष अपने परिचय पत्र प्रस्तुत किए

राष्ट्रपति भवन : 21.05.2020

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (21 मई, 2020) वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 'कोरिया लोकतांत्रिक गणराज्य', 'सेनेगल', 'त्रिनिदाद व टोबैगो', 'मॉरीशस', 'ऑस्ट्रेलिया', 'कोते दी'आइवर' और 'रवांडा' के राजदूतों तथा उच्चायुक्तों से उनके परिचय-पत्र स्वीकार किए।

राष्ट्रपति भवन के इतिहास में यह पहला अवसर था जब परिचय-पत्र डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत किए गए हों। राष्ट्रपति ने कहा कि COVID-19 के कारण उत्पन्न चुनौतियों से उबरने और अपने कार्यों को अभिनव तरीके से पूरा करने में डिजिटल प्रौद्योगिकी ने दुनिया को सक्षम बनाया है। इस संबंध में, उन्होंने इस ‘डिजिटल परिचय-पत्र समारोह’ को नई दिल्ली में राजनयिक समुदाय के साथ भारत के संबंधों में ‘विशेष दिन’ बताया। उन्होंने आगे कहा कि अपने देशवासियों और पूरे विश्व की उन्नति के लिए भारत, डिजिटल तौर-तरीकों की असीम संभावनाओं का बड़े पैमाने पर उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति कोविन्द ने राजदूतों को संबोधित करते हुए कहा कि COVID-19 वैश्विक महामारी के कारण वैश्विक समुदाय अभूतपूर्व चुनौती का सामना कर रहा है, और इस संकट को देखते हुए वृहत्तर स्तर पर वैश्विक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस महामारी के विरुद्ध लड़ाई में भारत अपने साथी राष्ट्रों को सहयोग प्रदान करने में सबसे आगे रहा है।

परिचय-पत्र प्रस्तुत करने वाले राजदूत/उच्चायुक्त हैं:-
1. 'कोरिया जनवादी लोकतांत्रिक गणराज्य' के राजदूत, श्री चोए हुई चोल
2. सेनेगल गणराज्य के राजदूत, श्री अब्दुल वहाब हैदर,
3. त्रिनिदाद व टोबैगो गणराज्य के उच्चायुक्त, डॉ. रोजर गोपाल,
4. मॉरीशस गणराज्य की उच्चायुक्त, श्रीमती शांति बाई हनूमानजी
5. ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त, श्री बैरी रॉबर्ट ओ' फारेल,
6. कोते दी' आइवर गणराज्य के राजदूत, एम. एन्द्री एरिक केमिले
7. रवांडा गणराज्य की उच्चायुक्त, सुश्री जैकलीन मुकांगीरा,

आज के इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत की डिजिटल कूटनीतिक पहल में एक नया आयाम जुड़ गया है।