Back

भारत के राष्ट्रपति ने लेह की यात्रा की, लद्दाख स्काउट्स की सभी पांच बटालियनों और लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर को निशान प्रदान किए

राष्ट्रपति भवन : 21.08.2017

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने लद्दाख स्काउट्स की सभी पांच बटालियनों और लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर को निशान प्रदान किए।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति पद का भार ग्रहण करने के बाद राजधानी दिल्ली के बाहर की यह उनकी पहली यात्रा है। सशस्त्र सेनाओं के‘सुप्रीम कमांडर’होने के नाते,उन्होंने यह यात्रा सशस्त्र सेनाओं के जवानों को समर्पित की।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज से 54 वर्ष पहले यह रेजीमेंट भारतीय सेना का हिस्सा बनी। इस रेजीमेंट का वर्षों का सफर वीरता,सम्मान और गौरव की गाथाओं से भरा हुआ है। 1947-48 में पाकिस्तान हमले के दौरान,रेजीमेंट की स्थापना हुई और लद्दाखी लोग जोश के साथ अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए उठ खड़े हुए। यह पराक्रम पूरे देश के लिए गौरव की एक मिसाल है।

राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग आधी सदी के समय में, इस रेजीमेंट ने कुल 605 सम्मान और पदक प्राप्त किए हैं। यह रेजीमेंट के सैनिकों की असाधारण वीरता और विशिष्ट सेवा का प्रमाण है और हमारी सेना के सभी जवानों और अधिकारियों के लिए आदर्श। उन्होंने अनेक युद्दों और ऑपरेशनों में अपनी विशेष पहचान बनाई है और खेलों, रोमांचक गतिविधियों और पेशेवर चुनौतियों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस अलंकरण समारोह में, लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंट के शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने अपना खून बहा कर और अपने प्राणों का बलिदान करके हमारी संप्रभुता की रक्षा की है,हमारे राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है तथा हमारे देशवासियों को खतरों से बचाया है। साथ ही, उन्होंने रेजीमेंट के सभी सेवानिवृत्त सैनिकों और सेवारत सैनिकों को उनकी कर्तव्य निष्ठा तथा उत्कृष्ट आचरण के लिए बधाई दी। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में जम्मू और कश्मीर के राज्यपाल,श्री एन.एन.वोहरा;मुख्यमंत्री,सुश्री महबूबा मुफ्ती; उप मुख्यमंत्री,श्री निर्मल कुमार सिंह, जम्मू और कश्मीर सरकार के अन्य मंत्रीगण और थल सेनाध्यक्ष,जनरल बिपिन रावत शामिल थे।

बाद में, राष्ट्रपति ने लेह के महाबोधि अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र के बुद्ध विश्व शांति पार्क का शिलान्यास किया। तत्पश्चात्,वह वापस दिल्ली आ गए।

यह विज्ञप्ति 1645 बजे जारी की गई