Back

राष्ट्रपति ने ज़ाम्बिया के राष्ट्रपति की मेजबानी की; उन्होंने कहा कि भारत विकासशील देशों के बीच परस्पर सहयोग की रूपरेखा के अनुरूप ज़ाम्बिया के साथ सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है

राष्ट्रपति भवन : 21.08.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (21 अगस्त, 2019) राष्ट्रपति भवन में ज़ाम्बिया गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री एडगर चागवा लुंगू का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में राज-भोज भी आयोजित किया।

ज़ाम्बिया के राष्ट्रपति की भारत की पहली राजकीय यात्रा पर उनका स्वागत करते हुएराष्ट्रपति ने कहा कि विकासात्मक सहयोग भारत-ज़ाम्बिया साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है। भारत विकासशील देशों के बीच परस्पर सहयोग की रूपरेखा के अनुरूप ज़ाम्बिया के साथ सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। ज़ाम्बिया की प्रगति और विकास के समर्थन में उन्हें क्षमता निर्माण, कौशल विकास और वित्त-सहायता उपलब्ध कराने पर हमें प्रसन्नता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ज़ाम्बिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश साझेदारी बहुत अच्छी है। लेकिन दोनों देश साथ मिलकर और भी बहुत कुछ कर सकते हैं। ज़ाम्बिया में भारतीय निवेश से ज़ाम्बिया की तरक्की और विकास में योगदान मिला है। भारतीय कंपनियां ज़ाम्बिया में आगे भी निवेश करने की इच्छुक हैं। वे खनन, स्वास्थ्य, अवसंरचना और ऊर्जा क्षेत्रों में नए निवेश के अवसर तलाश रही हैं।

इसके बाद, राष्ट्रपति कोविन्द ने अपने राज-भोज अभिभाषण में कहा कि हमारे लोगों और हमारे युवाओं की आकांक्षाएं एक जैसी हैं। वे इनोवेशन, स्मार्ट समाधान, अति आधुनिक प्रौद्योगिकी, प्रकृति-अनुकूल विकास के साथ-साथ और भी बहुत से क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व करना चाहते हैं। हमें उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए ज्ञान और कौशल का आदान-प्रदान करना चाहिए।‘स्मार्ट ज़ाम्बिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ के बीच एक अच्छी और लाभकारी भागीदारी बन सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘टेली-एजुकेशन’ और ‘टेली-मेडिसिन’ में हमारी विशेषज्ञता से ज़ाम्बिया के युवाओं के लिए नए अवसर निर्मित होंगे।