Back

भारत के राष्ट्रपति ने ‘बिहार विधान सभा शताब्दी वर्ष समारोह’ के अवसर पर बिहार विधानसभा के सदस्यों को संबोधित किया

राष्ट्रपति भवन : 21.10.2021

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द आज (21 अक्टूबर, 2021) पटना में ‘बिहार विधान सभा शताब्दी वर्ष समारोह’ में शामिल हुए और बिहार विधानसभा के सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने ‘शताब्दी स्मृति स्तंभ’ की आधारशिला भी रखी और इस अवसर पर बिहार विधान सभा परिसर में महाबोधि वृक्ष का एक पौधा भी लगाया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष का यह समारोह लोकतंत्र का उत्सव है। बिहार विधानमंडल के वर्तमान सदस्यों के साथ-साथ पूर्व सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति हमारे देश में विकसित स्वस्थ संसदीय परंपरा का एक अच्छा उदाहरण है।

लोकतंत्र में बिहार के योगदान का जिक्र करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें गर्व है कि बिहार की धरती विश्व के प्रथम लोकतंत्र की जननी रही है। भगवान बुद्ध ने विश्व के आरंभिक गणराज्यों को प्रज्ञा तथा करुणा की शिक्षा दी थी। साथ ही, उन गणराज्यों की लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार पर, उन्होंने अपने संघ के नियम निर्धारित किए थे। संविधान सभा के अपने अंतिम भाषण में बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर ने यह स्पष्ट किया था कि बौद्ध संघों के अनेक नियम, आज की संसदीय प्रणाली में भी, उसी रूप में विद्यमान हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि बिहार प्रतिभावान लोगों की धरती रही है। पूरे देश को गौरवपूर्ण बनाने वाली एक महान परंपरा की स्थापना, इसी धरती पर नालंदा, विक्रमशिला व उदंतपुरी जैसे विश्वस्तरीय शिक्षा केन्द्रों, आर्यभट जैसे वैज्ञानिक, ‘चाणक्य’ यानि कौटिल्य जैसे नीति-निर्माता तथा अन्य महान विभूतियों द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग उस समृद्ध विरासत के उत्तराधिकारी हैं और अब उसे आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी उन सभी की है।

भारत के संविधान के निर्माण में बिहार के लोगों द्वारा दिए गए योगदान का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जब भारत की संविधान-सभा द्वारा हमारे आधुनिक लोकतंत्र का नया अध्याय रचा जा रहा था तब एक बार फिर बिहार की विभूतियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संविधान सभा के वरिष्ठतम सदस्य, डॉक्टर सच्चिदानंद सिन्हा, प्रथम अध्यक्ष के रूप में मनोनीत हुए। 11दिसम्बर 1946के ऐतिहासिक दिन,देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद संविधान-सभा के स्थायी अध्यक्ष चुने गए। बिहार की अन्य विभूतियाँ जिन्होंने संविधान सभा में अपना बहुमूल्य योगदान दिया, वे थे - श्री अनुग्रह नारायण सिन्हा,श्री श्रीकृष्ण सिन्हा, दरभंगा के महाराजा कामेश्वर सिंह,श्री जगत नारायण लाल, श्री श्याम नंदन सहाय, श्री सत्यनारायण सिन्हा, श्री जयपाल सिंह, बाबू जगजीवन राम, श्री राम नारायण सिंह और श्री ब्रजेश्वर प्रसाद। राष्ट्रपति ने कहा कि सामाजिक व आर्थिक न्याय, स्वतंत्रता, समता और सौहार्द की आधारशिला पर निर्मित हमारा लोकतंत्र प्राचीन बिहार के लोकतांत्रिक मूल्यों को आधुनिक कलेवर में समेटे हुए पुष्पित व पल्लवित हो रहा है। इसका श्रेय बिहार की जनता और उन सभी निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों को जाता है।

बिहार में शराब की बिक्री और खपत पर प्रतिबंध के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए, राष्ट्रपति ने उल्लेख किया कि सन 1921 की विधानसभा के अपने सम्बोधन में गवर्नर सिन्हा ने कहा था कि मादक पदार्थों अथवा मदिरा के उत्पादन तथा बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोई सुनिश्चित नीति होनी चाहिए। हमारे संविधान में, राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों के तहत, ‘लोक-स्वास्थ्य को सुधारने का राज्य का कर्तव्य’ स्पष्ट रूप से उल्लिखित है। इस कर्तव्य में, मादक पेय और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों के सेवन का निषेध करना भी शामिल है। गांधीजी के सिद्धांतों पर आधारित इस संवैधानिक अनुच्छेद को बिहार विधान सभा द्वारा कानून का दर्जा देकर लोक-स्वास्थ्य तथा समाज, विशेषकर कमजोर वर्ग की महिलाओं के हित में, एक बहुत कल्याणकारी कदम उठाया गया।

बिहार विधानमंडल के सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य की जनता, उन सभी जन-प्रतिनिधियों को अपना भाग्य विधाता मानती है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विधायक-गण अपने आचरण और कार्यशैली से जनता की आशाओं को यथार्थ रूप देने का प्रयास करेंगे। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि बिहार विधानमंडल के सदस्यों ने सामाजिक अभिशापों से मुक्त, वरदानों से युक्त तथा सम्मानों से पूर्ण बिहार के निर्माण के लिए संकल्प अभियान का शुभारंभ किया है। उन्होंने कामना की कि सभी विधायक-गण आज इस सदन में लिए गए संकल्पों को कार्यान्वित करें तथा बिहार को एक सुशिक्षित, सुसंस्कारित और सुविकसित राज्य के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील बने रहें।उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों के बल पर, सन 2047 तक, यानि देश की आजादी के शताब्दी वर्ष तक, बिहार ‘ह्यूमन डेवलपमेंट’ के पैमानों पर एक अग्रणी राज्य बन सकेगा। इस प्रकार राज्य की विधायिका की शताब्दी का यह उत्सव सही मायनों में सार्थक सिद्ध होगा।

राष्ट्रपति ने दीपावली और छठ पूजा की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि छठ पूजा अब एक ग्लोबल फेस्टिवल बन चुका है। नवादा से न्यू-जर्सी तक और बेगूसराय से बोस्टन तक छठी मैया की पूजा बड़े पैमाने पर की जाती है। यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार की संस्कृति से जुड़े उद्यमी लोगों ने विश्व-स्तर पर अपना स्थान बनाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी प्रकार, स्थानीय प्रगति के सभी आयामों पर भी, बिहार के प्रतिभावान व परिश्रमी लोग सफलता के नए मानदंड स्थापित करेंगे।