Back

गुरु नानक जयन्ती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति की शुभकामनाएं

राष्ट्रपति भवन : 22.11.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने गुरु नानक देव की जयन्ती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

अपने सन्देश में, राष्ट्रपति ने कहा कि, "गुरु नानक देव की जयंती पर उनके जीवन और शिक्षाओं का स्मरण करते हुए, मैं सिख समुदाय के सदस्‍यों सहित समस्त देशवासियों को इस पवित्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूँ।

गुरु नानक का जीवन हमें आपसी प्रेम और सद्भावना की सीख देता है। उन्होंने हमें ‘इक ओंकार सतनाम’का मंत्र दिया जो - ईश्वर एक है - की धारणा को दर्शाता है।

प्रेम, शांति और करुणा के जीवन-मूल्यों पर जोर देते हुए, गुरु नानक देव मानव सेवा को ईश्वर की सेवा के समान समझते थे। "वन्द चाको– सबके साथ बांटो, किरत करो – ईमानदार जीवन जियो और, नाम जपो - हमेशा ईश्वर को याद करो”जैसे उनके उपदेशों में उनकी शिक्षाओं का सार स्पष्ट दिखाई देता है।

आइए, हम सब गुरु नानक देव के द्वारा बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें और समाज के कल्याण के लिए कार्य करेंl”

यह विज्ञप्ति 1730 बजे जारी की गईl