Back

जिंबाब्वे के उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 23.03.2018

जिंबाब्वे गणराज्य के महामहिम उपराष्ट्रपति जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. कोन्सटेन्टीनो चिवेंगा ने आज (23 मार्च, 2018) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

भारत में डॉ. चिवेंगा का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें जिंबाब्वे के राष्ट्रपति के विशेष दूत के रूप में उनका स्वागत करते हुए प्रसन्नता हुई है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और जिंबाब्वे के बीच हार्दिक और विशेष संबंध हैं। जिंबाब्वे में अभी सत्ता परिवर्तन हुआ है और भारत चाहता है कि जिंबाब्वे के साथ मैत्रीपूर्ण रिश्ते जारी रखे जाएं और सम्पर्कों को और सघन बनाया जाए।

राष्ट्रपति ने कहा कि अफ्रीका के साथ साझेदारी के प्रति भारत का नज़रिया है कि ंयह साझेदारी परामर्शी प्रकृति की और भागीदारीपूर्ण हो। यह साझेदारी सशक्तीकरण, क्षमता निर्माण, मानव संसाधन विकास, भारतीय बाजार में पहुंच तथा अफ्रीका में भारतीय निवेश में सहयोग के लक्ष्य से प्रेरित है।

राष्ट्रपति ने कहा कि 170 मिलियन अमरीकी डॉलर का भारत-जिंबाब्वे द्विपक्षीय व्यापार दोनों देशों की क्षमता से काफी कम है। हमें अपने व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। राष्ट्रपति ने आगे कहा कि उन्हें अर्थव्यवस्था को निवेशक-अनुकूल बनाने की जिंबाब्वे सरकार की नीति के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि भारत, जिंबाब्वे के वर्तमान प्रयासों की सराहना करता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ पुन: जुड़ने के जिंबाब्वे के प्रयास का हिस्सा बनने में भारत को खुशी होगी।

यह विज्ञप्ति 1200 बजे जारी की गई