Back

वियतनाम के प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 24.01.2018

वियतनाम के माननीय प्रधान मंत्री,श्री गुयेन जुआन फुक ने आज (24 जनवरी, 2018)राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति,श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

वियतनाम के प्रधान मंत्री का भारत में स्वागत करते हुए,राष्ट्रपति ने कहा कि भारत को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित अतिथि के रूप में उनकी मेजबानी करके प्रसन्नता हुई है। भारत ‘‘आसियान’’ के साथ अपनी साझेदारी के 25 वर्ष भी मना रहा है। इससे उनकी उपस्थिति और भी विशेष हो गई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि वियतनाम, ‘‘आसियान’’ में भारत का एक पसंदीदा साझीदार है। हमारे आर्थिक संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। हमें अपने द्विपक्षीय व्यापार को 2020 तक 15बिलियन अमरीकी डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी। उन्होंने कहा कि भारत वियतनाम में दवा,सौर ऊर्जा,शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में निवेश के अवसर खोजने के लिए उद्योग क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के प्रति कटिबद्ध है। हमें तेल और गैस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की भी जरूरत है और इसके लिए मित्र देशों के साथ त्रिपक्षीय सहयोग का सहारा लिया जा सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-वियतनाम संबंध प्रगाढ़ हो रहे हैं। गत वर्ष,हमने अपने हार्दिक और घनिष्ठ संबंधों के रूप में‘मैत्री-वर्ष’मनाया है। उन्होंने अनेक बहुपक्षीय मंचों पर भारत को वियतनाम द्वारा दिए गए समर्थन के लिए इनका धन्यवाद किया और आशा व्यक्त की कि उनकी इस यात्रा से भारत-वियतनाम संबंधों को ऊर्जा मिलेगी।

यह विज्ञप्ति 1840 बजे जारी की गई