Back

भारत के राष्ट्रपति ने असम, बिहार और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री रवाना की

राष्ट्रपति भवन : 24.07.2020

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, डॉ. हर्षवर्धन की उपस्थिति में आज (24 जुलाई, 2020) राष्ट्रपति भवन से रेड क्रॉस राहत सामग्री के नौ ट्रकों को झण्डी दिखाकर रवाना किया। भारत के राष्ट्रपति,‘भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी’ (आईआरसीएस) के अध्यक्ष हैं।

असम, बिहार और उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए यह राहत सामग्री,दिल्ली से संबंधित राज्यों तक रेलगाड़ी के माध्यम से भेजी जाएगी और संबंधित राज्यों की रेड क्रॉस शाखाओं द्वारा यह सामग्री प्राप्‍त की जाएगी।

राहत सामग्री में तिरपाल, तम्‍बू, साड़ी, धोती, खेस, रसोई के बर्तन, मच्छरदानी, चादरें, बाल्टियाँ और दो जल शुद्धीकरण यूनिट जैसी वस्तुएं शामिल हैं। राष्ट्रपति कोविन्द द्वारा रवाना की गई राहत सामग्री में इसके अलावा, COVID-19 सुरक्षा के सामग्री जैसे सर्जिकल मास्क, पीपीई किट, दस्ताने और फेस शील्ड भी शामिल हैं। ये वस्तुएं, इन राज्यों में आईआरसीएस चिकित्सा सेवाओं में संलग्न स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ बाढ़ राहत और पुनर्वास प्रयासों में आगे-आगे रहकर कार्य कर रहे आईआरसीएस के स्वयंसेवकों की सुरक्षा और बचाव के लिए हैं।

उपर्युक्‍त सामग्री की आपूर्ति, प्रभावित लोगों को राज्य रेड क्रॉस शाखाओं द्वारा वितरित किए जाने के लिए आईआरसीएस द्वारा पहले से ही उपलब्‍ध कराई जा चुकी सामग्री के अनुक्रम में और उसके अलावा है।

आईआरसीएस के महासचिव, श्री आर.के.जैन ने राहत सामग्री की रवानगी के अवसर पर, देश के भिन्न-भिन्‍न हिस्सों में बाढ़ और Covid​​-19 से प्रभावित लोगों की सेवा के लिए आईआरसीएस द्वारा की गई पहल और कार्यों से राष्ट्रपति को अवगत कराया।

राष्ट्रपति सचिवालय और आईआरसीएस के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।