Back

नेपाल के प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 24.08.2017

नेपाल के माननीय प्रधान मंत्री, श्री शेर बहादुर देउबा ने आज (24 अगस्त, 2017)राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

नेपाली प्रधान मंत्री का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने चौथी बार नेपाल का प्रधान मंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि नेपाल के प्रधान मंत्री पहले विदेशी गणमान्य अतिथि हैं जो उनके राष्ट्रपति काल के दौरान राष्ट्रपति भवन में ठहरे और उन्होंने आमंत्रण स्वीकार करने के लिए श्री देउबा को धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति ने स्थानीय चुनावों के दो चरणों के सफल आयोजन के लिए नेपाल की सरकार और जनता को बधाई दी। उन्होंने नेपाल के आगामी प्रांतीय और संघीय चुनावों के आयोजन के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

भारत के राष्ट्रपति ने हाल ही में नेपाल में आई बाढ़ के दौरान जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत की सरकार और जनता नेपाल के साथ हैं।

राष्ट्रपति ने भारत नेपाल संबंधों की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया जिसके अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में आठ उच्च स्तरीय यात्राएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल संबंध साझे इतिहास,साझी संस्कृति, व्यापार संबंधों और मुक्त सीमा से मजबूत हुए हैं। दोनों देशों द्वारा एक दूसरे के नागरिकों को दिए जाने वाला राष्ट्रीय बर्ताव इसका प्रतीक है। भारत,नेपाल की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुसार नेपाल के साथ अपने आर्थिक और विकास सहयोग के विस्तार की उम्मीद कर रहा है।

राष्ट्रपति ने भारत में अध्ययनरत नेपाली विद्यार्थियों की अत्यधिक संख्या पर खुशी जाहिर की। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत सरकार नेपाली विद्यार्थियों को अनेक छात्रवृत्तियां प्रदान करती है और उनका सदैव भारत में स्वागत किया जाता है।

यह विज्ञप्ति 1945 बजे जारी की गई