Back

भारत के राष्ट्रपति ने पूज्य मोरारी बापू की ‘गांधी कथा’ का शुभारम्भ किया

राष्ट्रपति भवन : 24.09.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने पूज्य मोरारी बापू की ‘गांधी कथा’ का शुभारम्भ किया, जिसका आयोजन गांधी आश्रम, किंग्सवे कैंप, दिल्ली में आज (24 सितंबर, 2019) महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष में ‘हरिजन सेवक संघ’ द्वारा किया गया था।

सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि गांधीजी का जन्म भले ही भारत में हुआ था, लेकिन वे संपूर्ण विश्व और मानवता के थे। पूरी दुनिया उन्हें 'महात्मा' के रूप में याद करती है और उन्होंने हमें 'अहिंसा' और 'सत्याग्रह' का मार्ग दिखाया। गांधीजी का जीवन स्वयं में एक महाकाव्य की तरह है। दुनिया भर में लाखों लोग उनकी जीवन-गाथा सुन रहे हैं और इससे प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि देश-विदेश की अपनी यात्राओं में, उन्होंने हमेशा पाया कि आम लोगों से लेकर राष्ट्र प्रमुखों तक, सभी के मन में गांधीजी के लिए बहुत सम्मान है।