Back

भारत के राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में भाग लिया

राष्ट्रपति भवन : 25.01.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने नई दिल्ली में आज (25 जनवरी, 2019) 9वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र दुनिया के लिए एक मिसाल है। विश्व का सबसे बड़ा लोकतन्त्र होने के साथ-साथ यह दुनिया का सबसे अधिक विविधतापूर्ण लोकतन्त्र भी है। हमारे लोकतन्त्र की सफलता में हमारी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी हितधारकों का योगदान सराहनीय है, परंतु नि:संदेह, सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका मतदाताओं और निर्वाचन-आयोग की रहती है। अपनी भूमिकाओं में, दोनों, एक-दूसरे के पूरक हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भौगोलिक विविधता से सम्पन्न हमारे विशाल देश में सफलतापूर्वक चुनाव कराने में आधुनिक टेक्नॉलॉजी और पद्धतियों के उपयोग से बहुत सहायता मिलती है। पूरे विश्व में भारत के लोकतन्त्र और निर्वाचन-प्रणाली का विशेष सम्मान है। कई देशों के चुनाव-संस्थानों ने हमारी निर्वाचन प्रक्रिया और प्रबंधन का अध्ययन किया है। अनेक देशों के निर्वाचन-प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भारत के निर्वाचन-आयोग ने प्रशिक्षण दिया है। कई देशों ने अपनी चुनाव-प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए हमारे निर्वाचन-आयोग का सहयोग भी लिया है। यह, इसके प्रति सम्मान का द्योतक है।

राष्ट्रपति ने नोट किया कि इस वर्ष के मतदाता दिवस की ‘थीम’ है-‘नो वोटर टु बी लेफ्ट बहाइंड’ यानि ‘कोई भी मतदाता, न छूटे’।" उन्होंने कहा कि इसके पीछे सिद्धांत यही है कि हमारा देश, राजनीतिक अधिकारों की समानता और सार्वभौमिक मताधिकार में विश्वास करता है। लोकतंत्र में आम चुनाव एक पवित्र अनुष्ठान के समान है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अनुष्ठान का हिस्सा बनने और 2019 के आम चुनाव में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट दूसरे मतदाता को प्रोत्साहित करेगा, और प्रत्येक वोट हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेगा।

यह विज्ञप्ति 1415 बजे जारी की गई।