Back

राष्ट्रपति ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति का स्वागत किया; उन्होंने दक्षिण अफ़्रीकी कंपनियों को भारत की विकासात्मक पहलों में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया

राष्ट्रपति भवन : 25.01.2019

भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (25 जनवरी, 2019) राष्ट्रपति भवन में, दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री माटामेला सिरिल रामफ़ोसा का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में एक राजभोज का भी आयोजन किया।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति की भारत की पहली राजकीय यात्रा पर उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी यात्रा एक विशिष्‍ट अवसर पर हो रही है। हम महात्मा गांधी की 150वीं जयंती और नेल्सन मंडेला की 100वीं जयंती मना रहे हैं। हमारा साझा इतिहास और समान विरासत इस राजकीय यात्रा को और अधिक सार्थक और विशेष बनाते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशेष मैत्री है। उच्च स्तर पर नियमित यात्राओं और मेल-जोल से हमारी साझेदारी समृद्ध होती रहती है। दोनों देशों के लोगों के बीच परस्पर जीवंत संबंध हैं। दक्षिण अफ्रीकी भारतीय समुदाय हमारे दोनों देशों के बीच एक सजीव पुल की तरह काम करता है। हमें इस जुड़ाव को मजबूत बनाते रहना चाहिए। दक्षिण-दक्षिण सहयोग, आईबीएसए और ‘ब्रिक्स’ के तहत हमारे युवाओं का पारस्परिक आवागमन और क्षमता निर्माण सहयोग इनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण हैं।

राष्ट्रपति ने नोट किया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ता रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पारस्परिक रूप से लाभप्रद गतिशील साझेदारी- एक ऐसी साझेदारी जो हमारी कंपनियों को निवेश करने और दोनों-ओर से पर्यटन को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करे, बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, राष्ट्रपति रामफ़ोसा के नेतृत्व में, भारत-दक्षिण अफ्रीका के द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और बढ़ाएगा।

इसके बाद, राष्ट्रपति कोविन्द ने अपने राजभोज अभिभाषण में कहा किआर्थिक साझेदारी भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। भारतीय उद्योग,दक्षिण अफ्रीका की आर्थिक नीतियों और दृष्टिकोण से बहुत उत्साहित है। हमने भी, अपने देश में अंतरराष्ट्रीय व्यापार को आकर्षित करने और अपने विकास को गति देने के लिए आमूल आर्थिक सुधार किए हैं। ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्वच्छ भारत’ और ‘स्मार्ट सिटी’ कार्यक्रमों में, अपने साथ साझेदारी के लिए, हम दक्षिण अफ्रीकी कंपनियों को आमंत्रित करते हैं।

यह विज्ञप्ति 2045 बजे जारी की गई।