Back

भारत के राष्ट्रपति 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' समारोह में शामिल हुए

राष्ट्रपति भवन : 25.01.2020

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द आज (25 जनवरी, 2020) नई दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित किए गए 10वें ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ समारोह में शामिल हुए और सभा को संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि मताधिकार के उपयोग के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने और मतदान के माध्यम से हमारे लोकतंत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रति वर्ष ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ मनाया जाता है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि मतदाता दिवस न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि राज्य, जिला और मतदान केन्द्र के स्तर पर भी मनाया जाता है।

राष्ट्रपति ने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए मतदान को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के लिए चुनाव आयोग की प्रशंसा की। उन्हें जानकारी दी गई कि विकलांग लोगों को विशेष सुविधाएं प्रदान करने की दृष्टि से उनकी राष्ट्रव्यापी सूची तैयार की गई है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि विकलांगों को डाक मतदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होता है और प्रगति करता है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए, चुनाव आयोग द्वारा ‘मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता शिक्षा’ कार्यक्रम के तहत व्यवस्थित प्रयास किए जा रहे हैं।