Back

भारत के राष्ट्रपति ने क्रोएशिया में भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह को सम्बोधित किया; उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए भारत सभी के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तत्पर है

राष्ट्रपति भवन : 27.03.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने क्रोएशिया में भारत के राजदूत, श्री अरिंदम बागची द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में कल शाम (26 मार्च, 2019) ज़ाग्रेब, क्रोएशिया में भारतीय समुदाय और भारत मित्रों को संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई है कि अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने के बावजूद, भारतीय समुदाय को क्रोएशिया में स्वागतपूर्वक अपनाया गया है, और क्रोएशिया के विकास में वे अपने तरीके से योगदान दे रहे हैं। फिर भी, भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भारतीयता और भारतीय मूल्यों एवं परंपराओं को अपने दिलों में संजोकर रखा है और वे अपनी समृद्ध विविधता, सांस्कृतिक विरासत तथा परंपराओं के संदर्भ में भारत के एक सच्चे प्रतिबिंब हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रवासी भारतीय एक ऐसे प्रिज़्म की भूमिका में हैं जिसके माध्यम से क्रोएशियाई लोग भारत का मूल्‍यांकन करते हैं, और क्रोएशिया में उनकी सफलता से इस देश में भारत की सकारात्मक छवि में योगदान मिला है। उन्होंने क्रोएशिया के मैत्रीपूर्ण लोगों का आभार व्‍यक्‍त किया कि उन्‍होंने अपने घरों में, और अपने सामाजिक कार्यकलापों में उदारतापूर्वक और खुले दिल से भारतीयों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि उनमें से प्रत्येक ने भारत और क्रोएशिया के बीच जुड़ाव और समझ बढ़ाने में जो भूमिका निभाई है, वह सही मायने में सराहनीय है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के प्रतीक रूप लोकतंत्र, बहुलवाद और शांति के जीवन मूल्यों और इसकी आर्थिक विकास गाथाने मिलकर भारत को एक शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने और सभी के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाने के लिए हर एक के साथ मिलकर काम करने हेतु तत्पर है।

राष्ट्रपति ने भारत और क्रोएशिया के बीच जुड़ाव और समझ बढ़ाने में ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की और कहा कि इस संस्‍था के लोग बड़ी संख्‍या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। उन्होंने सांस्कृतिक संस्थाओं, नृत्य और योग विद्यालयों, आयुर्वेद क्‍लीनिकों और भारतीय स्टोर तथा रेस्तरां का विशाल नेटवर्क बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्‍होंने आगे कहा कि इन सभी के माध्यम से पूरे क्रोएशिया में और यहाँ के सभी आयु समूहों में भारत की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष क्रोएशिया के 37 शहरों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने से हम सभी वास्तव में बहुत प्रभावित हुए हैं।

राष्ट्रपति ने कल (26 मार्च, 2019) क्रोएशिया की राष्ट्रपति, श्रीमती कोलिंडा ग्रेबर कितारोविच द्वारा अपने सम्मान में आयोजित राजभोज में भी भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और क्रोएशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। क्रोएशिया की स्वतंत्रता और भारतीय अर्थव्यवस्था में उदारीकरण के नए चरण के आरंभ की घटनाएं एक ही समय पर घटी हैं। विशेष रूप से पिछले कुछ वर्षों में घटित भारत की विकास-गाथा, और यूरोपीय संघ के सदस्य देश के रूप में क्रोएशिया की यात्रा को हम दोनों देशों के बीच अच्छी आर्थिक भागीदारी का एक बड़ा और शुभ संकेत मानते हैं।